जर्मनी ने की अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर टिप्पणी, भारत सरकार ने दिया कड़ा जबाव

जर्मनी ने की अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर टिप्पणी, भारत सरकार ने दिया कड़ा जबाव

नई दिल्ली। शराब घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर जर्मनी की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद भारत सरकार ने देश के अंदरूनी मामलों में जर्मनी के दखल पर नाराजगी जताई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर जर्मनी के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के बयान पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने नाराज़गी व्यक्त की। गौरतलब है कि गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली शराब नीति में कथित भ्रष्टाचार के आरोप में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को कोर्ट ने उन्हें सात दिन के लिए ईडी की रिमांड पर भेजा है, हालांकि ईडी ने अपनी तरफ से 10 दिन के रिमांड की मांग की थी।

इसके साथ ही भारतीय विदेश मंत्रालय ने शनिवार की सुबह नई दिल्ली स्थित जर्मन दूतावास मिशन के उप प्रमुख जॉर्ज एन्ज़वीलर को तलब किया। भारत ने जर्मनी के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की टिप्पणी को भारत के आंतरिक मामलों में दखल बताते हुए अपना कड़ा विरोध दर्ज किया।

 

भारत ने जर्मन विदेश कार्यालय प्रवक्ता की टिप्पणियों का विरोध किया

नई दिल्ली में जर्मन मिशन के उप प्रमुख को आज बुलाया गया और हमारे आंतरिक मामलों पर उनके विदेश कार्यालय प्रवक्ता की टिप्पणियों पर भारत के कड़े विरोध से अवगत कराया। हम ऐसी टिप्पणियों को हमारी न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप और हमारी न्यायपालिका की स्वतंत्रता को कमजोर करने के रूप में देखते हैं। भारत कानून के शासन वाला एक जीवंत और मजबूत लोकतंत्र है। जैसा कि देश में और लोकतांत्रिक दुनिया में अन्य जगहों पर सभी कानूनी मामलों में होता है, कानून तत्काल मामले में अपना काम करेगा। इस संबंध में की गई पक्षपातपूर्ण धारणाएं अत्यंत अनुचित हैं।

Spread the love