चतरखेड़ा ड्यूटी पर जाते समय अचानक चक्कर आने से हुई अचेत, स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता, बाजार क्षेत्र में बिगड़ी हालत, अस्पताल में कराया भर्ती
सिवनी मालवा। जनगणना कार्य में ड्यूटी पर नियुक्त एक महिला कर्मचारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार चतरखेड़ा क्षेत्र में ड्यूटी के लिए जा रही महिला कर्मचारी नगर पालिका के पास पहुंची ही थीं कि उन्हें अचानक चक्कर आए और वह अचेत होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सहायता के लिए पहल की। मौके पर मौजूद मयंक अग्रवाल ने महिला कर्मचारी को पानी और ग्लूकोज दिया, जबकि राहुल नागेश्वर ने अपनी दुकान पर पंखा चलाकर उन्हें आराम करने की व्यवस्था की। कुछ देर तक महिला कर्मचारी को वहीं बैठाकर राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
अचानक बढ़ गया था ब्लड प्रेशर
प्राथमिक राहत मिलने के बाद महिला कर्मचारी को ऑटो के माध्यम से तत्काल सिविल अस्पताल सिवनी मालवा पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के दौरान बताया कि महिला कर्मचारी का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया था, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।
फिलहाल अस्पताल में महिला कर्मचारी का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों की तत्परता से मिली तत्काल मदद
घटना के दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा दिखाई गई तत्परता की सराहना की जा रही है। समय रहते मदद मिलने से महिला कर्मचारी को तत्काल राहत पहुंचाई जा सकी और उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने में भी सहयोग किया गया।
