क्षीरधारा ग्राम योजना की समीक्षा बैठक आयोजित, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर दिया गया जोर

क्षीरधारा ग्राम योजना की समीक्षा बैठक आयोजित, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर दिया गया जोर

पशु पोषण, कृत्रिम गर्भाधान और हितग्राही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हुई विस्तृत चर्चा, सिवनी मालवा विकासखंड के 15 ग्रामों में लगाए जाएंगे विशेष शिविर

सिवनी मालवा। क्षीरधारा ग्राम योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा हितग्राही आधारित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशु पोषण, कृत्रिम गर्भाधान एवं हितग्राहियों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में एसडीएम विजय राय, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री श्रुति चौधरी, डॉक्टर उत्कर्ष भारद्वाज (VAS), डॉ. नवीन पालीवाल, कृषि विभाग के एसडीओ संजय पाठक एवं एनआरएलएम के श्री मेहराज अली उपस्थित रहे।

दुग्ध उत्पादन दोगुना करने की दिशा में प्रयास

बैठक के दौरान अधिकारियों ने दुग्ध उत्पादन को दोगुना करने के उद्देश्य से पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर चर्चा की। पशुओं के पोषण, स्वास्थ्य और कृत्रिम गर्भाधान की व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य किया जाएगा।

15 गांवों में लगाए जाएंगे शिविर

क्षीरधारा ग्राम योजना के तहत विकासखंड सिवनी मालवा के 15 गांवों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, पोषण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तकनीक और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।

बैठक में संबंधित अधिकारियों ने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

error: Content is protected !!