मानसिक रूप से अस्वस्थ बालिका 4 घंटे में सकुशल मिली, सिवनी मालवा पुलिस की तत्परता से परिजनों ने ली राहत की सांस

सोशल मीडिया और सतत खोज अभियान से मिली सफलता, थाना प्रभारी के नेतृत्व में चला सर्च ऑपरेशन

सिवनी मालवा। दिनांक 29 अप्रैल 2026 को थाना सिवनी मालवा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि नंदरबाडा बायपास क्षेत्र से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग बालिका खुशबू उर्फ लड्डू, पिता शमीर खान, उम्र लगभग 8 वर्ष, घर से सुबह करीब 9 बजे कहीं चली गई है। बालिका ने गुलाबी टी-शर्ट और सफेद चड्डा पहना हुआ था। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी एवं पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे और बालिका की खोजबीन शुरू कर दी गई।

त्वरित कार्रवाई और सर्च ऑपरेशन
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया। साथ ही बालिका की जानकारी सोशल मीडिया पर भी प्रसारित की गई, जिससे आम नागरिकों से सहयोग मिल सके। पुलिस ने आसपास के इलाकों, मुख्य मार्गों और संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखी।

बस स्टैंड पर सकुशल मिली बालिका
लगभग दोपहर 1 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली कि बालिका मुख्य मार्ग पर देखी गई है। इस पर पुलिस स्टाफ ने तत्काल परिजनों को बुलाकर संयुक्त रूप से तलाश शुरू की। कुछ ही देर में बस स्टैंड क्षेत्र में बालिका सकुशल मिल गई। पुलिस ने बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी
समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों के चलते एक संभावित अनहोनी टल गई। परिजनों ने सिवनी मालवा पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

error: Content is protected !!