SVS जनकल्याण फाउंडेशन के आयोजन में महिलाओं, पत्रकारों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता पर दिया गया जोर

SVS जनकल्याण फाउंडेशन के आयोजन में महिलाओं, पत्रकारों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता पर दिया गया जोर

मातृशक्ति सम्मान और पत्रकारों के सम्मान से गूंजा सिवनी मालवा, सामाजिक सरोकारों का दिखा प्रेरक संदेश

सिवनी मालवा । भीलपुरा स्थित लोधी धर्मशाला में SVS जनकल्याण फाउंडेशन, सिवनी मालवा इकाई द्वारा “मातृशक्ति सम्मान समारोह एवं पत्रकार सम्मान कार्यक्रम” का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नगर एवं क्षेत्र की मातृशक्तियों, समाजसेवियों, पत्रकारों तथा गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। संपूर्ण आयोजन नारी सम्मान, सामाजिक समरसता और सेवा भावना के संदेश से ओतप्रोत दिखाई दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों एवं मातृशक्तियों का पुष्पमाला, सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

महिला नेतृत्व और प्रशासनिक अधिकारियों की रही विशेष उपस्थिति

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष नर्मदापुरम श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला, नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा की उपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति शैलेन्द्र गौर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेणुका मृवेन्द्र सिंह मंडलोई, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री श्रुति चौधरी, नायब तहसीलदार सुश्री कीर्ति प्रधान एवं पार्षद श्रीमती गीता तुलसीराम कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

वहीं विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ समाजसेवी संतोष पारीक, पार्षद प्रशांत यादव, भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष रोहित कुचबंदिया, तुलसीराम कुशवाहा, वरिष्ठ पत्रकार राजा तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार पवन जाट एवं मुकेश धन्यासेठ की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

“नारी समाज की चेतना है” : प्रीति पवन शुक्ला, जिलाध्यक्ष भाजपा

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में महिलाओं को समाज की आधारशिला बताते हुए उनके सम्मान, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला ने कहा कि नारी केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज की चेतना है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वही समाज विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है और मातृशक्ति को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में बबीता चौबे, रानू सोनी, गायत्री सोनी, ऋतु जालेंद्र, चंचल जिलोटा, योगिता रघुवंशी, रोशनी राजपूत, कांता ठाकुर, चंचल एवं पलक राठौर सहित अनेक मातृशक्तियां शामिल रहीं। सम्मान समारोह के दौरान सभागार तालियों की गूंज से बार-बार मुखरित होता रहा।

पत्रकारों को भी किया सम्मानित

कार्यक्रम में तहसील के पत्रकारों का भी विशेष सम्मान किया गया। संस्था द्वारा पत्रकारों को जनजागरूकता, समाजहित और सकारात्मक पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जन्मदिवस पर गोलू विश्वकर्मा ने दिया सामाजिक संदेश

संस्था के संस्थापक गोलू विश्वकर्मा ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर सभी अतिथियों एवं मातृशक्तियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित और आत्मनिर्भर महिला पूरे परिवार और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखती है। संस्था का उद्देश्य केवल सम्मान कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षा, प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।

उन्होंने उपस्थित लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” लगाने का संकल्प लेने का आग्रह करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संदेश भी दिया। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि संस्था द्वारा शीघ्र ही महिलाओं के लिए निशुल्क प्रशिक्षण केंद्र प्रारंभ किया जाएगा, जिसमें सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मेहंदी, कंप्यूटर एवं अन्य स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

पूरी टीम के सहयोग से सफल हुआ आयोजन

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। हरदा इकाई संचालक क्षमा विश्वकर्मा, सिवनी मालवा इकाई संचालक मोनिका विश्वकर्मा, सह संचालक सलोनी लोधी, प्रियांशी लोधी, रूपाली विश्वकर्मा, आशा धारोई, लीना कौशल, भूमिका वाथा, पायल बाथोव एवं सुमित्रा भिलाला सहित पूरी टीम ने समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। अतिथियों ने संस्था की पूरी टीम को सामाजिक कार्यों के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी।

राष्ट्रगान और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं मातृशक्ति सम्मान तथा समाज सेवा के संकल्प के साथ किया गया। अंत में उपस्थित लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव और महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया।

error: Content is protected !!