नर्मदापुरम में महाविद्यालय स्तर पर छात्रों को योजना से जोड़ने और रोजगार अवसर बढ़ाने पर दिया गया जोर, शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में हुआ आयोजन
नर्मदापुरम। शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय नर्मदापुरम में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत जिले के सभी महाविद्यालयों के नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को योजना से जोड़ना तथा उन्हें रोजगार और इंटर्नशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने उपस्थित नोडल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्नातक उत्तीर्ण ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश नहीं लिया है तथा स्नातकोत्तर उत्तीर्ण वे छात्र जो वर्तमान में किसी रोजगार से नहीं जुड़े हैं, उन्हें चिन्हित कर योजना की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
विद्यार्थियों को मिलेगा स्टाइपेंड और रोजगार का अनुभव
प्राचार्य डॉ. जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि योजना के तहत इंटर्नशिप अवधि 6 या 9 माह की हो सकती है, जबकि प्रारंभिक पायलट चरण में इंटर्नशिप अवधि 12 माह निर्धारित की गई है।
उन्होंने नोडल अधिकारियों को स्नातक तृतीय वर्ष एवं स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्राओं के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठा सकें।
जून में आयोजित होगा विशेष कैंप
प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन ने बताया कि जून के प्रथम सप्ताह में जिले की विभिन्न कंपनियों को आमंत्रित कर विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में चयनित विद्यार्थियों को अपने जिले की कंपनियों में उपलब्ध इंटर्नशिप कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण एवं अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
पोर्टल और पंजीकरण प्रक्रिया की दी जानकारी
महाविद्यालय की टीपीओ डॉ. रागिनी सिकरवार ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के पोर्टल एवं पंजीकरण प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि योजना के लिए आवेदक की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह किसी पूर्णकालिक रोजगार या पूर्णकालिक शिक्षा से जुड़ा नहीं होना चाहिए।
बैठक में डॉ. हर्षा चचाने सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
