सिवनी मालवा के वार्ड क्रमांक 09 में मूलभूत सुविधाओं की मांग
सिवनी मालवा. नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 09 में वार्डवासियों द्वारा राजस्व सभापति एवं वार्ड पार्षद ईश्वर जमींदार और नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन को आवेदन सौंपकर स्ट्रीट लाइट हेतु विद्युत खंभे लगाने की मांग की गई। आवेदन में बताया गया कि साईं कैंपस गली नंबर 01, आदिवासी छात्रावास के पीछे स्थित पक्की सड़क पर रात के समय अंधेरा बना रहता है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्थायी बिजली कनेक्शन से गुजर रहा क्षेत्र
वार्डवासियों ने आवेदन में उल्लेख किया कि क्षेत्र में अधिकांश बिजली कनेक्शन अभी अस्थायी रूप से लंबे केबलों के माध्यम से संचालित हो रहे हैं। नागरिकों ने मांग की कि स्वर्गीय शहजाद सिंह के खेत की ओर से ओमप्रकाश रघुवंशी के मकान होते हुए राममोहन रघुवंशी के मकान तक लगभग आठ विद्युत खंभे लगाए जाएं और मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी से इसका प्राक्कलन तैयार कराया जाए।
समस्या समाधान का दिया आश्वासन
राजस्व सभापति एवं वार्ड पार्षद ईश्वर जमींदार तथा नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और नगर पालिका द्वारा समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य कराया गया था और अब स्ट्रीट लाइट एवं विद्युत खंभों की व्यवस्था के लिए भी संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाएगा।
कॉलोनीनाइजरों की जिम्मेदारी पर उठाए सवाल
ईश्वर जमींदार ने कहा कि केवल नगर पालिका या जनप्रतिनिधियों पर ही सारी जिम्मेदारी डालना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि सिवनी मालवा में जिन कॉलोनियों में लोगों ने प्लॉट खरीदे हैं, क्या वहां प्लॉट लेने से पहले यह जांच की गई थी कि कॉलोनी वैध है या अवैध। साथ ही उन्होंने कहा कि नागरिकों को कॉलोनी मालिकों से सड़क, बिजली, नाली, पानी, जल निकासी, पार्क, मंदिर और खेल मैदान जैसी सुविधाओं को लेकर भी जवाब मांगना चाहिए।
कम कीमत के लालच में बढ़ रही समस्याएं
उन्होंने कहा कि कई लोग कम कीमत के लालच में ऐसी कॉलोनियों में प्लॉट खरीद लेते हैं जहां किसी भी प्रकार की आधारभूत सुविधा उपलब्ध नहीं होती। बाद में उन्हीं समस्याओं के समाधान की अपेक्षा नगर पालिका से की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अवश्य लें।
अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की मांग
नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन और राजस्व सभापति ईश्वर जमींदार ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में अवैध कॉलोनियां काटने वाले कॉलोनीनाइजरों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में नागरिकों को इस प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
