पुराने बस स्टैंड पर बसों का स्टॉपेज शीघ्र शुरू हो, ग्रामीण विद्यार्थियों और गरीब मजदूरों को मिले राहत : शिवाकांत पाण्डेय

पुराने बस स्टैंड पर बसों का स्टॉपेज शीघ्र शुरू हो, ग्रामीण विद्यार्थियों और गरीब मजदूरों को मिले राहत : शिवाकांत पाण्डेय

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, पुराने बस स्टैंड पर कुछ बसों के स्टॉपेज और स्थानीय नागरिकों के लिए 10 रुपये किराये पर ऑटो संचालन का मिला आश्वासन

इटारसी। पुराने बस स्टैंड पर बसों का संचालन बंद होने से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को हो रही परेशानियों का मुद्दा अब प्रशासन के समक्ष पहुंच गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पाण्डेय (गुड्डन) ने इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुराने बस स्टैंड पर बसों का स्टॉपेज पुनः शुरू कराने की मांग की।

बस स्टैंड बंद होने से विद्यार्थियों और मजदूरों को परेशानी

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पाण्डेय ने कलेक्टर को अवगत कराया कि पुराने बस स्टैंड पर बसों का स्टॉपेज बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं, गरीब मजदूरों, किसानों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुराने बस स्टैंड के आसपास शासकीय महाविद्यालय, गर्ल्स कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संस्थान स्थित हैं। ऐसे में बसों का स्टॉपेज बंद होने से विशेषकर विद्यार्थियों और कम आय वाले नागरिकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पुराने बस स्टैंड की वास्तविक स्थिति का निराकरण कर जनहित में शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाए, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके।

कुछ बसों के स्टॉपेज और 10 रुपये में ऑटो संचालन का आश्वासन

ज्ञापन पर चर्चा के दौरान कलेक्टर द्वारा आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही पुराने बस स्टैंड पर कुछ बसों के स्टॉपेज प्रारंभ कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए ऑटो संचालन की व्यवस्था भी की जाएगी, जिसमें किराया 10 रुपये निर्धारित किया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन से स्थानीय नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

जनता के मुद्दे पर कांग्रेस करेगी आंदोलन : कन्हैया गोस्वामी

इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस आम जनता और व्यापारियों को हो रही परेशानियों को नजरअंदाज नहीं कर सकती। पुराने बस स्टैंड का मुद्दा किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि इटारसी की जनता, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और व्यापारियों के हितों से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र उचित निर्णय लेकर जनता को राहत नहीं देता है, तो कांग्रेस सर्वसम्मति से आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी। इस आंदोलन में किसी व्यक्ति विशेष की प्राथमिकता नहीं होगी, बल्कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि रहेंगे। कांग्रेस जनता के हक और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को राजनीति की भेंट नहीं चढ़ने देगी।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रवक्ता अनिल रैकवार, जिला कोषाध्यक्ष अतुल तिवारी, इंटक अध्यक्ष शेख रमजान एवं प्रदीप दुबे सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

अब प्रशासन के आश्वासन के बाद शहरवासियों की नजर इस बात पर रहेगी कि पुराने बस स्टैंड पर बसों के स्टॉपेज और 10 रुपये किराये पर ऑटो संचालन की व्यवस्था कब तक शुरू होती है।

error: Content is protected !!