विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह रहे मौजूद, 6.50 किलोमीटर लंबे सूरजकुंड-धानसी से चीलाचौन-कढ़ैया मार्ग का होगा निर्माण; मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में सांसद ने ग्रामीणों से नशामुक्ति की अपील की
सोहागपुर। क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर ग्राम पंचायत कढ़ैया के ग्राम चीलाचौन में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया एवं क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने सूरजकुंड-धानसी से चीलाचौन-कढ़ैया तक बनने वाले 6.50 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। इस सड़क का निर्माण लगभग 585.56 लाख रुपये (5 करोड़ 85 लाख 56 हजार रुपये) की लागत से किया जाएगा।
चंदला और कढ़ैया में भी विकास कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान ग्राम चंदला में 15वें वित्त आयोग एवं अन्य वित्तीय मदों से स्वीकृत लगभग 10.50 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम पंचायत कढ़ैया में 15वें एवं 5वें वित्त आयोग के अंतर्गत 5 लाख रुपये की लागत से चंद्रमोहन पटेल के घर से मुख्य मार्ग तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य शामिल है।
प्रस्तावित सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा और कृषि, व्यापार एवं दैनिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ने पंच से पार्लियामेंट तक पहुंचाया : माया नारोलिया
भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। यहां उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मुझे पंच से पार्लियामेंट तक पहुंचाया है।”
सांसद ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि शराब, गुटखा सहित सभी प्रकार के नशों का त्याग करना चाहिए। नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।
हितग्राहियों को वितरित किए जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना रहा।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, भाजपा जिला महामंत्री कुंवर सिंह यादव, मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, मनीष चतुर्वेदी एवं रूपेश राजपूत, जिला पंचायत सदस्य उमेश यादव, जनपद उपाध्यक्ष लालचंद यादव, अजय पाल सिंह, सत्यनारायण पाराशर, कृष्ण कुमार झा, दूरसंचार सलाहकार समिति (TAC) सदस्य विकास नारोलिया, मुकेश यादव, मुकेश तिवारी, विकास साहू, सचिन तोमर, धर्मेंद्र जाट, सिद्धार्थ जाट, राहुल ठाकुर एवं योगेंद्र सोलंकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार, पटवारी, पंचायत सचिव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
