ग्राम अमुपूरा, मोहारी एवं मंगवारी पहुंचकर घर-घर जाकर परखी जमीनी हकीकत
प्रगणकों को दिए निर्देश — जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो
कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के अंतर्गत शासन द्वारा संचालित मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य जिलेभर में प्रगति पर है। इसी क्रम में डोलरिया तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी द्वारा शुक्रवार को ग्राम अमुपूरा, मोहारी एवं मंगवारी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अंकित मौर्य ने गांवों में घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे मकान सूचीकरण कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित रहकर HLO App के माध्यम से प्रगणकों से मकान सूचीकरण कार्य भी कराया तथा डेटा एंट्री एवं प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
जनगणना कार्य में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अंकित मौर्य ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध प्रक्रिया है। इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रगणक निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरी सावधानी एवं गंभीरता से कार्य करें, ताकि शासन को सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही जानकारी दर्ज की जाए तथा तकनीकी प्रक्रिया में भी पूर्ण सतर्कता बरती जाए।
आमजन से किया संवाद, सहयोग की अपील
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें जनगणना कार्य के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें तथा सही जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना कार्य सुचारु एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
निरीक्षण के समय संबंधित क्षेत्र की प्रगणक गीता यादव, ज्योति सुलेखिया, कामना गौर, ग्राम कोटवार गोविंद मेहरा, फील्ड ट्रेनर मुकेश शुक्ला, तकनीकी सहायक आशीष यादव तथा जनगणना लिपिक कंचन पिरथानी उपस्थित रहे।
