चलती एंबुलेंस में लगी आग, ऑक्सीजन सपोर्ट पर लेटे मरीज को मौत के मुंह से सुरक्षित निकाला

सिवनी मालवा। नर्मदापुरम-हरदा मार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब मरीज को लेकर जा रही चलती एंबुलेंस में अचानक भीषण आग लग गई। एंबुलेंस में ऑक्सीजन सपोर्ट पर एक मरीज मौजूद था, जिसे पुलिस और चालक की सतर्कता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:15 बजे नर्मदापुरम-हरदा रोड पर ग्राम सावलखेड़ा के पास एंबुलेंस अचानक धुआं छोड़ने लगी। स्थिति को समझते हुए चालक इसरार ने तुरंत वाहन रोका और मरीज को बाहर निकाला। इसी दौरान एंबुलेंस में आग की लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही डोलरिया थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई। प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, आरक्षक अजय गुप्ता तथा पायलट सुधीर उईके टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने पास के पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्विशर लाकर एंबुलेंस में लगी आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया।

इसके बाद ऑक्सीजन सपोर्ट पर मौजूद मरीज को सुरक्षित दूसरी 108 एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया और तत्काल अस्पताल रवाना किया गया। पुलिस की तत्परता, चालक की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। प्रारंभिक रूप से आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!