मुस्कान संस्था में बच्चों के साथ नगर कांग्रेस ने मनाया बाल दिवस, फल एवं मिष्ठान वितरित कर बांटी खुशियां

मुस्कान संस्था में बच्चों के साथ नगर कांग्रेस ने मनाया बाल दिवस, फल एवं मिष्ठान वितरित कर बांटी खुशियां

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय और नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने बच्चों के साथ बिताया समय, पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों को किया याद

इटारसी। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी द्वारा मुस्कान संस्था में आत्मीयता और उत्साह के साथ बाल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संस्था के बच्चों के साथ समय बिताया तथा उन्हें फल एवं मिष्ठान वितरित कर खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ चाचा नेहरू के बच्चों के प्रति प्रेम, स्नेह और उनके आदर्शों को याद करना रहा।

बच्चों का भविष्य संवारना समाज की जिम्मेदारी : शिवाकांत पाण्डेय

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष लगाव था। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे ही देश का वास्तविक भविष्य हैं। जिस देश के बच्चे शिक्षित, संस्कारी और आत्मविश्वासी होंगे, उस देश का भविष्य भी उज्ज्वल होगा।

उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने हमेशा बच्चों की शिक्षा, उनके अधिकारों और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता दी। उनकी जयंती पर बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना उन्हें श्रद्धांजलि देने का एक सार्थक माध्यम है।

बाल दिवस बच्चों के प्रति जिम्मेदारियों का एहसास कराता है : कन्हैया गोस्वामी

नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों को देश की सबसे बड़ी पूंजी और आने वाले कल की उम्मीद मानते थे। उनका विश्वास था कि आज के बच्चे ही भविष्य में देश की बागडोर संभालेंगे और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि बाल दिवस केवल एक आयोजन या औपचारिकता नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, अच्छे संस्कार और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने में योगदान दे।

मुस्कान संस्था के बच्चों के बीच फल एवं मिष्ठान वितरित करना नगर कांग्रेस की एक छोटी-सी पहल है। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर जो खुशी मिलती है, वह अनमोल है। नेहरू जी के विचारों को केवल याद करने से नहीं, बल्कि उनके बताए रास्ते पर चलने से ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा बच्चों, युवाओं, गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करती रही है। भविष्य में भी नगर कांग्रेस सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेगी।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता अनिल रेकवार, राजेंद्र गोस्वामी, महासचिव इमरान खान राजा, शेख फारूक, नगर उपाध्यक्ष मुकेश यादव बल्ला, राजकुमार यादव, जिला कोषाध्यक्ष अतुल तिवारी, नगर प्रवक्ता मुकेश शर्मा पिंकी, मंडलम अध्यक्ष सोनू बकोरिया, अमित परदेशी, कृष्णा चौधरी, अर्जुन कुचबदिया, मुकेश चौधरी, दिनेश मासाब, वाजिद खान, पप्पी कलोशिया एवं शेख रमजान सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।

error: Content is protected !!