वैवाहिक समारोह में हत्या और पुलिस पर हमला करने वाला 20 हजार का इनामी आदतन अपराधी गिरफ्तार

नाहरकोला में विवाह कार्यक्रम के दौरान हुआ था खूनी हमला, फरारी के दौरान आरक्षक पर चाकू से किया वार, गंजाल नदी किनारे जंगल से दबोचा गया आरोपी

नर्मदापुरम/शिवपुर। थाना शिवपुर पुलिस ने वैवाहिक समारोह में हत्या, कई लोगों पर जानलेवा हमला और पुलिसकर्मी पर चाकू से वार करने वाले 20 हजार रुपए के इनामी आदतन अपराधी लोकेश कीर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को पुलिस टीम ने गंजाल नदी किनारे कोलगांव के जंगलों से घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (चाकू) भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में प्रस्तुत किया जा रहा है।

19 अप्रैल को विवाह समारोह में हुआ था खूनी संघर्ष

पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को थाना शिवपुर अंतर्गत ग्राम नाहरकोला निवासी सीताराम कीर के यहां विवाह कार्यक्रम आयोजित था। समारोह में शामिल होने आए जयनारायण कीर एवं अन्य लोगों का गांव के ही अमर सिंह कीर और उसके बेटे लोकेश कीर से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी अमर सिंह कीर ने डंडे से हमला किया, जबकि उसका बेटा लोकेश कीर धारदार हथियार चाकू लेकर दौलतराम कीर, जयनारायण कीर, हरीनारायण कीर और क्षमा बाई कीर पर टूट पड़ा। हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय चिकित्सालय सिवनी मालवा ले जाया गया, जहां गंभीर चोटों के कारण दौलतराम कीर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के आधार पर थाना शिवपुर में अपराध क्रमांक 102/2026 धारा 296(06), 118(1), 100(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस टीम पर भी किया हमला

घटना के बाद जब पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने पहुंची तो फरार आरोपी लोकेश कीर ने शिवपुर थाने में पदस्थ आरक्षक ओमप्रकाश जाट पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। घायल आरक्षक को तत्काल उपचार हेतु शासकीय चिकित्सालय सिवनी मालवा भेजा गया।

इस मामले में थाना शिवपुर में आरोपी लोकेश कीर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 103/2026 धारा 109(1), 132, 121 बीएनएस के तहत एक और मामला दर्ज किया गया।

गंभीरता को देखते हुए बनीं अलग-अलग टीमें

घटना की गंभीर प्रकृति को देखते हुए थाना प्रभारी शिवपुर ने तत्काल पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं।

फरार आरोपी लोकेश कीर की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी की गई।

वैज्ञानिक पद्धति और मुखबिर सूचना से मिली सफलता

पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक पद्धति और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कोलगांव क्षेत्र के जंगलों में छिपा हुआ है।

इसके बाद 25 अप्रैल 2026 की रात लगभग 10 बजे पुलिस ने गंजाल नदी किनारे घेराबंदी कर आरोपी लोकेश कीर पिता अमर सिंह कीर, उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम नाहरकोला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के बताए स्थान से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया।

दूसरा आरोपी पहले ही भेजा जा चुका जेल

मामले का दूसरा आरोपी अमर सिंह कीर 22 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।

आदतन अपराधी है लोकेश कीर

पुलिस के अनुसार आरोपी लोकेश कीर एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अपराध क्रमांक 41/2021 में धारा 354, 354(घ), 354-डी आईपीसी तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12, अपराध क्रमांक 75/2022 में धारा 294, 323, 34, 506 आईपीसी तथा अपराध क्रमांक 117/2024 में धारा 115(2), 296 के तहत मामले दर्ज हैं।

इन अधिकारियों और जवानों की रही सक्रिय भूमिका

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन, एसडीओपी श्री महेंद्र सिंह चौहान तथा एसडीओपी इटारसी के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवपुर उपनिरीक्षक के.एन. रजक, थाना प्रभारी सेमरी हरचंद चौकी उपनिरीक्षक विवेक यादव, थाना प्रभारी रामपुर गुर्रा उपनिरीक्षक संजीव पवार, सहायक उपनिरीक्षक अनिल ठाकुर, प्रधान आरक्षक विशाल, कृपाराम तथा आरक्षक पवन, अशोक, दीपक, शिवम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल से आरक्षक संदीप और दीपेश ने भी आरोपी की गिरफ्तारी में सक्रिय सहयोग दिया।

error: Content is protected !!