बच्चों के साथ शिक्षकों ने साझा की खुशियां, शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित
सिवनी मालवा । देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला फरीदपुर में 14 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर बच्चों को बाल दिवस का महत्व बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
बच्चों को दी शिक्षा और संस्कारों की सीख
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए अच्छी शिक्षा के साथ नैतिक संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच भी आवश्यक है। शिक्षकों ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकगण रहे उपस्थित
इस अवसर पर माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक महेंद्र चौबे, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक राधा कृष्ण इवने, शिक्षक नितिन सराठे, नाजिया परवीन एवं सरिता प्रजापति उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के साथ बाल दिवस की खुशियां साझा कीं और उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने, अच्छे संस्कार विकसित करने और उन्हें जीवन में सफलता के लिए प्रेरित करना रहा।
