नर्मदापुरम जिले के 18 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस और आबकारी विभाग की एक साथ कार्रवाई, 92 से अधिक स्थानों पर दी दबिश; 5,150 किलो महुआ लाहन और शराब बनाने की भट्टियां कीं नष्ट
नर्मदापुरम। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की बड़ी संयुक्त कार्रवाई में से एक को अंजाम देते हुए अवैध शराब के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ (IAS) और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ल (IPS) के निर्देश पर पुलिस, राजस्व एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में एक साथ मोर्चा संभाला। अभियान के दौरान 92 से अधिक स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत 35 प्रकरण दर्ज कर 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। टीमों ने 370.5 लीटर अवैध शराब जब्त करने के साथ करीब 5,150 किलोग्राम महुआ लाहन और शराब बनाने की भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
कलेक्टर-एसपी की बैठक के बाद मैदान में उतरीं संयुक्त टीमें
अवैध एवं अमानक शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से 12 नवंबर को कलेक्टर आशीष वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध समन्वित और प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके अगले दिन 13 नवंबर को इन निर्देशों के परिपालन में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के चिह्नित क्षेत्रों में व्यापक छापामार अभियान चलाया।
छह थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई, हॉटस्पॉट बने निशाने पर
अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली, सोहागपुर, देहात, इटारसी, स्टेशन रोड पिपरिया और माखननगर क्षेत्र में विशेष कार्रवाई की गई। टीमों ने उन इलाकों को प्राथमिकता दी, जिन्हें अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया था। घरों और अन्य संदिग्ध स्थानों की तलाशी के दौरान शराब बनाने में उपयोग होने वाले बर्तन, ड्रम, पाइप, कुप्पे और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
कोतवाली में 24 से अधिक घरों की तलाशी, 1,300 किलो लाहन नष्ट
कोतवाली थाना क्षेत्र के सिकलीकर मोहल्ला और बालागंज में संयुक्त टीम ने 24 से अधिक घरों में दबिश दी। यहां पांच प्रकरण दर्ज कर पांच आरोपियों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 38 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप और कुप्पे भी जब्त किए गए। मौके पर करीब 1,300 किलोग्राम महुआ लाहन और भट्टियों को नष्ट किया गया।
सोहागपुर में 15 घरों पर दबिश, 2,500 किलो महुआ लाहन नष्ट
सोहागपुर थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी और दूराखापा (डूडाखापा) में 15 घरों की तलाशी ली गई। कार्रवाई में चार प्रकरण दर्ज कर चार आरोपियों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 25 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री जब्त कर लगभग 2,500 किलोग्राम महुआ लाहन और भट्टियों को मौके पर नष्ट किया गया।
देहात थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 175 लीटर शराब जब्त
देहात थाना पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने हाउसिंग बोर्ड मोहल्ला, आदर्श नगर और हरियाली तिराहा में दबिश दी। दस स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार प्रकरण दर्ज किए गए और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में 175 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
इटारसी में आठ आरोपी गिरफ्तार, 84.5 लीटर हाथभट्टी शराब बरामद
इटारसी पुलिस ने नाला मोहल्ला, गरीबी लाइन और झुग्गी न्यास कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए आठ प्रकरण दर्ज किए। आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 84.5 लीटर अवैध हाथभट्टी कच्ची शराब जब्त की गई। साथ ही मौके पर करीब 800 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया।
पिपरिया में कुचबंदिया मोहल्ले पर कार्रवाई
स्टेशन रोड पिपरिया थाना क्षेत्र के कुचबंदिया मोहल्ले में संयुक्त टीम ने करीब 20 स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। यहां आबकारी अधिनियम के तहत छह प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 30 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और लगभग 300 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया।
माखननगर में आठ आरोपी पकड़े, 13 भट्टियां ध्वस्त
माखननगर थाना क्षेत्र के बागरा तवा, मानागांव, दफाई मोहल्ला, कोटगांव, आवास कॉलोनी, ग्राम आरी और कुचबंदिया मोहल्ला में संयुक्त टीम ने 15 घरों में दबिश दी। यहां आठ प्रकरण दर्ज कर आठ आरोपियों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 48 लीटर कच्ची महुआ शराब, शराब बनाने के बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप और आठ कुप्पे जब्त किए गए। मौके पर करीब 250 किलोग्राम महुआ लाहन और 13 भट्टियों को नष्ट किया गया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के मार्गदर्शन और संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के पर्यवेक्षण में संबंधित थाना प्रभारियों तथा आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों ने की। पुलिस के अनुसार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई के आंकड़े: एक नजर में
जिले के 18 हॉटस्पॉट क्षेत्रों में 92 से अधिक स्थानों पर दबिश, 35 प्रकरण दर्ज, 29 आरोपी गिरफ्तार, 370.5 लीटर अवैध शराब जब्त और लगभग 5,150 किलोग्राम महुआ लाहन एवं शराब बनाने की भट्टियां नष्ट की गईं।
