प्रधानमंत्री की ऊर्जा बचत अपील को व्यवहार में उतारते हुए पर्यावरण संरक्षण का दे रहे संदेश, ईंधन बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की प्रेरक पहल
नर्मदापुरम। बढ़ती ईंधन कीमतों और ऊर्जा संरक्षण को लेकर चल रही जागरूकता के बीच नर्मदापुरम विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा अपनी कार्यशैली से एक अलग मिसाल पेश कर रहे हैं। विधायक पिछले दो वर्षों से क्षेत्रीय दौरों के लिए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी कार) का उपयोग कर रहे हैं, जिससे ईंधन बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंच रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार विधायक डॉ. शर्मा विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश गांवों और शहरों के दौरे इसी इलेक्ट्रिक कार से करते हैं। इससे प्रतिदिन करीब एक हजार रुपये तक ईंधन की बचत हो रही है। यह पहल ऐसे समय में चर्चा का विषय बनी है जब देशभर में पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
पीएम की अपील के बाद बढ़ी ऊर्जा संरक्षण की चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत की अपील के बाद विभिन्न स्तरों पर ऊर्जा संरक्षण को लेकर पहलें दिखाई दे रही हैं। इसी क्रम में डॉ. सीतासरन शर्मा का यह प्रयास भी लोगों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। ईवी वाहनों के उपयोग से जहां खर्च में कमी आती है, वहीं प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
लंबी यात्राओं में कभी-कभी बड़ी गाड़ी का लेना पड़ता है सहारा
विधायक डॉ. शर्मा ने बताया कि अधिकांश स्थानीय दौरे इलेक्ट्रिक वाहन से किए जाते हैं, हालांकि लंबी यात्राओं के दौरान कई बार बड़ी गाड़ियों का उपयोग करना पड़ता है, क्योंकि हर स्थान पर चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं और समय की आवश्यकता भी बनी रहती है।
जनप्रतिनिधियों की पहल बन रही समाज के लिए प्रेरणा
ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए जा रहे ऐसे कदम समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य कर रहे हैं। डॉ. सीतासरन शर्मा की यह पहल केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ ऊर्जा और बेहतर भविष्य की दिशा में एक सार्थक प्रयास के रूप में देखी जा रही है।
