विधायक प्रेमशंकर वर्मा बोले – यह भवन सिर्फ निर्माण नहीं, क्षेत्र की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव
बीज निगम परिसर में हुआ भूमि पूजन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
सिवनी मालवा। नगर के बीज निगम परिसर में शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास एवं बेटियों की शिक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने नवीन भवन निर्माण को शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।
“बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा यह भवन” – विधायक प्रेमशंकर वर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि क्षेत्र की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस नवीन महाविद्यालय भवन के माध्यम से छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, जिससे वे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रही है, जो युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि सिवनी मालवा क्षेत्र में शिक्षा, विकास और जनकल्याण के ऐसे कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहें, यही हमारी प्रतिबद्धता है।
मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया ऐतिहासिक कदम
भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि कन्या महाविद्यालय का नवीन भवन क्षेत्र की छात्राओं के लिए शिक्षा के नए अवसर तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन आने वाले समय में छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार के शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति और युवाओं के भविष्य को मजबूत करेंगे।
अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे, विधायक प्रेमशंकर वर्मा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र साध, नीरज तिवारी, रघुवीर सिंह राजपूत, लौवंशी समाज प्रदेश अध्यक्ष महेश लौवंशी, ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष जितेंद्र जमींदार, मध्यप्रदेश भवन विकास प्राधिकरण के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विवेक शर्मा, एसडीओ दुबे, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
