लोधा समाज ने मेधावी छात्र-छात्राओं का किया सम्मान, प्रतिभाओं को मिली नई उड़ान

लोधा समाज ने मेधावी छात्र-छात्राओं का किया सम्मान, प्रतिभाओं को मिली नई उड़ान सिवनी मालवा में आयोजित समारोह में 51 मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का हुआ सम्मान

सिवनी मालवा में आयोजित समारोह में 51 मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का हुआ सम्मान, शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हुआ भव्य आयोजन

सिवनी मालवा। लोधा (लोवंशी) क्षत्रिय समाज महिला संगठन जिला नर्मदापुरम द्वारा सिवनी मालवा स्थित लोधा लोवंशी मांगलिक भवन में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष श्रीमती राधा हंसराज बरकुड़ एवं जिला प्रभारी श्रीमती अनिता रामकृष्ण वर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ उनके माता-पिता का भी सम्मान किया गया।

समारोह में वर्ष 2025-26 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर सफलता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना रहा।

विधायक प्रेमशंकर वर्मा सहित कई पदाधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोधा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोधा लोवंशी क्षत्रिय समाज प्रदेश महिला संगठन अध्यक्ष श्रीमती मनीषा संतोष लोवंशी ने की।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में लोधा महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र साध, प्रदेश अध्यक्ष महेश लोवंशी, जिला अध्यक्ष विवेक साध सहित राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पूजा-अर्चना और कन्या पूजन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान लव-कुश एवं मां सरस्वती के पूजन-अर्चन और कन्या पूजन के साथ किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह की शुरुआत मेधावी छात्र-छात्राओं पर पुष्प वर्षा कर की गई, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साह और सम्मान से भर गया।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष श्रीमती राधा हंसराज बरकुड़ ने दिया, जबकि कार्यक्रम की प्रस्तावना जिला प्रभारी श्रीमती अनिता रामकृष्ण वर्मा ने रखी।

वक्ताओं ने बच्चों और अभिभावकों को दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमशंकर वर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र साध, प्रदेश अध्यक्ष महेश लोवंशी, प्रदेश महिला अध्यक्ष मनीषा लोवंशी, जिला अध्यक्ष विवेक साध एवं युवा जिला अध्यक्ष प्रमोद लोवंशी ने मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताया।

इस दौरान कुछ छात्राओं ने मंच से अपने अनुभव भी साझा किए और अपनी सफलता के पीछे माता-पिता तथा शिक्षकों के योगदान का उल्लेख किया।

51 विद्यार्थियों को किया सम्मानित, गोल्ड मेडल विजेता ख्वाब भी हुए सम्मानित

महिला संगठन जिला समिति द्वारा कुल 51 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही लोधा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक प्रेमशंकर वर्मा द्वारा सभी विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप हाथ घड़ी भी भेंट की गई।

कार्यक्रम में समाज का नाम रोशन करने वाले बालक ख्वाब लोवंशी का भी विशेष सम्मान किया गया। ख्वाब ने राष्ट्रीय पिट्टू प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर अपने माता-पिता के साथ-साथ समाज और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक, सामाजिक बंधु एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रही। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला प्रवक्ता कमलेश लोवंशी एवं पार्षद ईश्वर दास जमींदार ने किया, जबकि अंत में जिला प्रवक्ता गुलाब लोवंशी ने आभार व्यक्त किया।

error: Content is protected !!