धरमकुंडी में बिजली विभाग का ‘सम्पर्क अभियान’ सफल, 39 शिकायतों का मौके पर समाधान

धरमकुंडी में बिजली विभाग का ‘सम्पर्क अभियान’ सफल, 39 शिकायतों का मौके पर समाधान

जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार ने लिया शिविर का जायजा, स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली को बताया पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी

सिवनी मालवा । मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MPMKVVCL) नर्मदापुरम द्वारा ग्राम धरमकुंडी में ‘सम्पर्क अभियान 2026’ के तहत ग्राम पंचायत कार्यालय में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण उपभोक्ताओं तक सीधे पहुंचकर उनकी विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और बिजली बिल, मीटर खराबी, नए कनेक्शन, टूटे खंभे, लटके तार तथा एलटी लाइन जैसी समस्याओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 39 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। इससे ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार ने अधिकारियों से की चर्चा

क्षेत्रीय जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने लंबित 6 शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विद्युत अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की और समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। दरबार ने कहा कि ग्रामीणों को बिजली संबंधी परेशानियों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ऐसे शिविर बेहद आवश्यक हैं।

स्मार्ट मीटर की तकनीक को समझा

शिविर के दौरान जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार ने विभाग द्वारा प्रदर्शित स्मार्ट मीटर एवं सामान्य मीटर की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझा। उन्होंने अधिकारियों से दोनों मीटरों के तकनीकी पहलुओं और उपभोक्ताओं को होने वाले लाभों की जानकारी ली।

मीडिया से चर्चा करते हुए शेर सिंह दरबार ने कहा कि पुराने सामान्य मीटरों की तुलना में स्मार्ट मीटर अधिक सटीक, पारदर्शी और आधुनिक तकनीक पर आधारित हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य मीटरों में रीडिंग संबंधी त्रुटियों और अधिक बिलिंग की शिकायतें सामने आती थीं, जबकि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को रीयल-टाइम बिजली उपयोग की जानकारी उपलब्ध कराते हैं।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से न केवल बिजली की बचत संभव है बल्कि बिलिंग प्रक्रिया में भी पारदर्शिता आती है, जिससे उपभोक्ताओं और विभाग दोनों को लाभ मिलता है।

“विद्युत सेवाएं आपके द्वार” अभियान को मिला सकारात्मक प्रतिसाद

अभियान के दौरान विभाग द्वारा विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सहायता डेस्क स्थापित किए गए थे। “विद्युत संबंधी सेवाएं आपके द्वार” की थीम पर आयोजित इस अभियान में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रियता से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान किया।

ग्रामीणों ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही समस्याओं का समाधान मिलने से समय और परेशानी दोनों की बचत हुई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने शिविर में पहुंचकर बिजली विभाग की इस पहल को जनहितकारी बताया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भरोसा बढ़ाने की पहल

विद्युत विभाग का यह संपर्क अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के बीच विश्वास बढ़ाने और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग का उद्देश्य है कि बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान कर उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

error: Content is protected !!