वेयरहाउसिंग अधिकारियों की लापरवाही उजागर, औचक निरीक्षण में अमानक गेहूं और अव्यवस्थाओं की खुली पोल

वेयरहाउसिंग अधिकारियों की लापरवाही उजागर, औचक निरीक्षण में अमानक गेहूं और अव्यवस्थाओं की खुली पोल

नवनियुक्त अध्यक्ष संजय नगाइच के निरीक्षण में सामने आईं गंभीर खामियां, अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, निरीक्षण में उजागर हुई जमीनी हकीकत

नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय नगाइच के औचक निरीक्षण के दौरान वेयरहाउसिंग व्यवस्था की कई खामियां सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद “सुविधा नहीं, जवाबदेही” का संदेश देने वाले अध्यक्ष ने जब जमीनी स्थिति देखी तो कई स्थानों पर व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर सामने आई।

शनिवार को अध्यक्ष संजय नगाइच ने शासकीय वेयरहाउस शाखा हथनापुर एवं पवारखेड़ा के साथ-साथ संयुक्त भागीदारी योजना के तहत संचालित निजी गोदामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं ने विभागीय निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

अमानक गेहूं भंडारण पर अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध

निरीक्षण के दौरान सांई कृपा वेयरहाउस चौतलाय, बीजी वेयरहाउस चौतलाय और रघुवीर वेयरहाउस डोलरिया में अमानक गुणवत्ता वाला गेहूं भंडारित मिला। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब गोदामों में नियमित निरीक्षण और निगरानी की जिम्मेदारी अधिकारियों की थी, तब इस प्रकार का गेहूं भंडारण तक कैसे पहुंच गया।

अध्यक्ष ने मौके पर समिति प्रबंधकों और सर्वेयर को फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि एफएक्यू मानकों से बाहर गेहूं की खरीदी और भंडारण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लंबे समय से बनी थीं समस्याएं, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान गोदामों की एप्रोच रोड, भंडारण व्यवस्था और लंबे समय से रखे गए स्कंध के कारण होने वाली संभावित हानि जैसे मुद्दे भी सामने आए। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि ये समस्याएं लंबे समय से मौजूद थीं, तो संबंधित अधिकारियों ने समय रहते सुधारात्मक कदम क्यों नहीं उठाए।

सूत्रों के अनुसार स्थानीय स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की उदासीनता के कारण कई व्यवस्थाएं कागजों तक सीमित रह गईं।

अध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश, बढ़ सकती है जवाबदेही

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष संजय नगाइच ने क्षेत्रीय और शाखा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पारदर्शिता, ईमानदारी और निगम हित को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में अब चर्चा है कि निरीक्षण में सामने आई खामियों के बाद संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा सकती है और भविष्य में विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई भी संभव है।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक नर्मदापुरम अतुल सोरठे, क्षेत्रीय प्रबंधक भोपाल राजेश अग्रवाल, जिला प्रबंधक वासुदेव दवंडे, शाखा प्रबंधक गौरव पटेल, शिवराज राजपूत, नंदकिशोर बेदी एवं विनोद बिसारे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। हालांकि निरीक्षण के बाद सबसे अधिक चर्चा विभागीय मॉनिटरिंग और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर रही।

error: Content is protected !!