खरीदी केंद्र चांदकिया का निरीक्षण, खुले में रखे अनाज पर जताई चिंता, जिला पंचायत सदस्य सीमा कसड़े ने समय पर परिवहन नहीं होने पर नुकसान की आशंका जताई

जिला पंचायत सदस्य सीमा कसड़े ने समय पर परिवहन नहीं होने पर नुकसान की आशंका जताई, बारिश से खराब हो सकता है अनाज, समय पर परिवहन की दी सलाह

सिवनी मालवा। जिला पंचायत सदस्य सीमा कसड़े ने खरीदी केंद्र चांदकिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर खुले में रखे गए अनाज का अवलोकन किया और समय पर परिवहन नहीं होने पर चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र पर अनाज खुले स्थान पर रखा गया है और अभी तक उसका समय पर परिवहन नहीं किया जा रहा है। आने वाले दिनों में यदि बारिश होती है तो अनाज खराब होने की संभावना बनी हुई है, जिससे किसानों और प्रशासन दोनों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

समय रहते परिवहन से रोका जा सकता है नुकसान

जिला पंचायत सदस्य सीमा कसड़े ने कहा कि यदि अनाज का समय पर परिवहन कर दिया जाए तो संभावित नुकसान से बचा जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खरीदे गए अनाज के शीघ्र उठाव और परिवहन व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही।

किसानों को नहीं हुई कोई परेशानी

निरीक्षण के दौरान किसानों से भी चर्चा की गई। इस दौरान किसानों ने बताया कि खरीदी केंद्र पर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी, आपत्ति या अनावश्यक विलंब का सामना नहीं करना पड़ा। केंद्र पर खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।

निरीक्षण के बाद सीमा कसड़े ने कहा कि किसानों की सुविधा के साथ-साथ खरीदे गए अनाज की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता होना चाहिए, ताकि प्राकृतिक कारणों से किसी प्रकार का नुकसान न हो।

error: Content is protected !!