जनगणना 2027 का प्रथम चरण डोलरिया तहसील में सफलतापूर्वक संपन्न

जनगणना 2027 का प्रथम चरण डोलरिया तहसील में सफलतापूर्वक संपन्न

जनगणना 2027 का प्रथम चरण डोलरिया तहसील में सफलतापूर्वक संपन्न

14,284 मकानों का हुआ सर्वेक्षण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को किया गया सम्मानित

डोलरिया/नर्मदापुरम। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का प्रथम चरण डोलरिया तहसील में सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। तहसीलदार एवं चार्ज जनगणना अधिकारी श्री अंकित मौर्य के मार्गदर्शन में यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न किया गया। अभियान की सफलता में 64 प्रगणकों एवं 11 पर्यवेक्षकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भीषण गर्मी में घर-घर पहुंचकर किया सर्वेक्षण

मई-जून की भीषण गर्मी एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जनगणना दल ने घर-घर पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य को अंजाम दिया। अभियान के तहत तहसील डोलरिया क्षेत्र में कुल 14,284 मकानों का सर्वेक्षण कर आवश्यक जानकारी संकलित की गई। निर्धारित समयावधि में इतने बड़े पैमाने पर कार्य पूर्ण होना प्रशासनिक समन्वय एवं कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों का हुआ सम्मान

प्रथम चरण के सफल समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को चार्ज जनगणना अधिकारी डोलरिया द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के कारण ही यह महत्वपूर्ण कार्य समय पर पूरा हो सका।

तकनीकी चुनौतियों के बीच निभाई अहम भूमिका

जनगणना अभियान के सफल संचालन में जनगणना शाखा के कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। सर्वेक्षण के दौरान आई विभिन्न तकनीकी चुनौतियों के बावजूद कर्मचारियों ने कुशलतापूर्वक कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाया। कानूनगो एवं जनगणना प्रभारी श्रीमती कंचन पिरथानी तथा तकनीकी सहायक श्री आशीष यादव ने डेटा प्रबंधन एवं तकनीकी कार्यों का प्रभावी संचालन किया, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होती रही।

सभी कर्मचारियों के समर्पण की सराहना

अनुविभागीय जनगणना अधिकारी श्री जय सोलंकी ने प्रथम चरण की सफलता पर सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, परिश्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के अभियान की सफलता में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

आगामी चरणों की तैयारियां तेज

प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को शीघ्र ही सम्मानित किए जाने की तैयारी की जा रही है। मकान सूचीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद अब ग्राम रजिस्टर एवं चार्ज रजिस्टर तैयार करने की प्रक्रिया तेज गति से जारी है। प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि जनगणना 2027 के आगामी चरण भी निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूर्ण किए जाएंगे।

error: Content is protected !!