नर्मदापुरम के पांच महाविद्यालयों के 25 विद्यार्थियों ने लिया भाग, जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक विधा से 10 विद्यार्थियों का होगा चयन
नर्मदापुरम। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय, नर्मदापुरम में विधानसभा स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यालय कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नर्मदापुरम के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में मतदान का महत्व एवं शुद्ध मतदाता सूची का महत्व विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और जानकारी का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम निर्वाचन साक्षरता क्लब की सचिव एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार के मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी डॉ. हर्षा चचाने के संयोजन में संपन्न हुआ।
मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम : डॉ. संगीता अहिरवार
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान जागरूकता लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। प्रत्येक वोट देश और समाज के भविष्य को प्रभावित करने की शक्ति रखता है। एक जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वयं मतदान करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र में भागीदारी का आधार : डॉ. हर्षा चचाने
नोडल अधिकारी एवं निबंध प्रतियोगिता संयोजक डॉ. हर्षा चचाने ने विद्यार्थियों को मतदान के प्रति प्रेरित करते हुए कहा, ‘पहले मतदान करिए, फिर जलपान करिए।’ उन्होंने बताया कि शुद्ध मतदाता सूची केवल नामों का दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी का आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपनी मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच करनी चाहिए तथा किसी भी त्रुटि को समय रहते ठीक करवाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक बटन दबाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का प्रतीक है। प्रत्येक मतदाता को बिना किसी लालच, दबाव या भेदभाव के अपने विवेक से मतदान करना चाहिए।
तीन चरणों में आयोजित होंगी प्रतियोगिताएं
निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। प्रथम चरण महाविद्यालय स्तर पर, द्वितीय चरण विधानसभा स्तर पर तथा तृतीय चरण जिला स्तर पर आयोजित होगा।
विधानसभा स्तरीय द्वितीय चरण में शासकीय विधि महाविद्यालय, एनईएस महाविद्यालय, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस नर्मदापुरम, पंडित रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ एजुकेशन एवं शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय सहित पांच महाविद्यालयों के कुल 25 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
निबंध लेखन के लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया था, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक प्रतियोगिता से विधानसभा क्षेत्र के 10 विद्यार्थियों का चयन कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए नामांकित किया गया।
शिक्षाविदों एवं प्राध्यापकों का रहा सहयोग
प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए शिक्षाविदों एवं भाषा विशेषज्ञों की टीम गठित की गई। इसमें महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. परस राम मानकर, डॉ. आशीष सिंह एवं डॉ. राजीव जैन शामिल रहे। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. जी.सी. पांडे का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
आयोजन में सहायक प्राध्यापक डॉ. काजल बाथरे, डॉ. काजोल सेन, डॉ. मनीष चौधरी, डॉ. मनीषा तिवारी, डॉ. कीर्ति दीक्षित, डॉ. रक्षा बरकड़े, श्री योगेश यादव, पूजा गोस्वामी, श्री अजय तिवारी एवं श्री शुभम भद्रे ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. चंद्रशेखर राज ने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुद्धता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
