आदिवासी दिवस को लेकर की गई टिप्पणी पर जताई नाराजगी, संगठनों ने सार्वजनिक स्पष्टीकरण और समाज की भावनाओं का सम्मान करने की मांग की
नर्मदापुरम। आदिवासी दिवस को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिए गए बयान के विरोध में युवा कांग्रेस सहित विभिन्न आदिवासी संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस, मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ, मध्यप्रदेश आदिवासी छात्र प्रभाग एवं आदिवासी कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
आदिवासी समाज की भावनाएं आहत होने का लगाया आरोप
प्रदर्शन के दौरान संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि आदिवासी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष, बलिदान, संस्कृति और सामाजिक अस्मिता का प्रतीक है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी से आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में भी जनजातीय समाज का ऐतिहासिक योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा सहित अनेक जनजातीय वीरों और शहीदों का बलिदान देश के इतिहास में विशेष स्थान रखता है। ऐसे में आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने की मांग
संगठनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनके बयान पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने और आदिवासी समाज की भावनाओं का सम्मान करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों पर सभी संगठन एकजुट हैं और आवश्यकता पड़ने पर इस लड़ाई को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा।
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस की ओर से पूर्व नगर अध्यक्ष मयूर जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष गौरव चौधरी (गोल्डी), गोल्डी बेस मोहम्मद, अमीर, अनिमेष मलैया, अमन प्रजापति, वंश एवं यश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ से आकाश कुशराम, राघवेंद्र उइके, विवेक इवने एवं साहिल उइके शामिल हुए। मध्यप्रदेश आदिवासी छात्र प्रभाग से राजू उइके, सुमित सेलूकर एवं अर्जुन मरकाम ने सहभागिता की।
वहीं आदिवासी कांग्रेस से समीर परते, अजय सरयाम, अमन सहित अन्य कार्यकर्ता प्रदर्शन में मौजूद रहे।
संयुक्त रूप से जारी प्रेस विज्ञप्ति में युवा कांग्रेस नर्मदापुरम, मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ, मध्यप्रदेश आदिवासी छात्र प्रभाग एवं आदिवासी कांग्रेस ने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार और अस्मिता की रक्षा के लिए सभी संगठन एकजुट होकर संघर्ष जारी रखेंगे।
