चॉकलेट बांटी, अपने हाथों से झूला झुलाया और बच्चों के साथ की मस्ती; चाचा नेहरू को याद कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का दिया संदेश
सिवनी मालवा। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शिवराज पार्क में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित, चाइल्ड केयर स्कूल के संचालक अतुल शर्मा तथा नर्मदा वैली एकेडमी के विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल हुए। सभी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बच्चों की किलकारियों से गूंजा शिवराज पार्क
बाल दिवस के अवसर पर चाइल्ड केयर स्कूल एवं नर्मदा वैली एकेडमी के बच्चों को शिवराज पार्क ले जाया गया, जहां बच्चों ने खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों के बीच दिन का आनंद लिया। बच्चों की हंसी और किलकारियों से पार्क का माहौल खुशनुमा हो गया।
इस दौरान दीपक दीक्षित ने दोनों विद्यालयों के बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं। उन्होंने कई घंटे बच्चों के बीच बिताए, अपने हाथों से छोटे-छोटे बच्चों को झूला झुलाया और उनके साथ खेलकूद कर बाल दिवस की खुशियां साझा कीं। बच्चों के साथ बिताए इन पलों ने उन्हें भी अपने बचपन की याद दिला दी।
बच्चे ही देश का भविष्य हैं : दीपक दीक्षित
इस अवसर पर दीपक दीक्षित ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के प्रथम प्रधानमंत्री थे। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहा जाता था। इसी वजह से उनके जन्मदिवस को प्रतिवर्ष बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। बच्चों की मुस्कान और उनका उत्साह देखकर मन प्रसन्न हो जाता है। उन्हें अच्छी शिक्षा, संस्कार और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
शिक्षा के साथ खेलकूद भी जरूरी : अतुल शर्मा
चाइल्ड केयर स्कूल के संचालक अतुल शर्मा ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्हें अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार देना हमारा कर्तव्य है, ताकि वे आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
वहीं नर्मदा वैली एकेडमी की ओर से ब्रजेश पटेल एवं विक्रम सर ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। इन गतिविधियों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है।
कार्यक्रम में चाइल्ड केयर स्कूल एवं नर्मदा वैली एकेडमी के विद्यार्थी, स्कूल संचालक, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। शिवराज पार्क में बच्चों के साथ मनाया गया यह बाल दिवस समारोह खुशियों, अपनत्व और यादगार पलों के साथ संपन्न हुआ।
