परमशी गार्डन में संगठन, कार्यपद्धति, प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और बूथ सशक्तिकरण पर हुआ मंथन, योग, प्रार्थना और अनुशासन के साथ शुरू हुआ दूसरा दिन
नर्मदापुरम। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के द्वितीय दिवस रविवार को परमशी गार्डन, नर्मदापुरम में चार महत्वपूर्ण सत्रों के साथ प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, कार्य पद्धति, कार्य विस्तार और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
जिला मीडिया प्रभारी अमित महाला ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन की शुरुआत प्रातः योग एवं प्रार्थना के साथ हुई। सभी प्रशिक्षणार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास और प्रार्थना में सहभागिता करते हुए अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक कार्य संस्कृति का संदेश दिया। प्रशिक्षण स्थल पर पूरे दिन उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
बूथ प्रबंधन और “मन की बात” पर अंशुल तिवारी ने रखे विचार
नवम सत्र में भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी ने “बूथ प्रबंधन एवं मन की बात” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष पारीख ने की।
सत्र के दौरान “मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर की टोली एवं पेज प्रमुखों के साथ नियमित बैठकें करने और “मन की बात” कार्यक्रम के माध्यम से हितग्राहियों से संवाद बढ़ाने का आह्वान किया गया।
“आत्मीयता और पारिवारिक भाव हमारी कार्य पद्धति है” – पंकज जोशी
दसवें सत्र में मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी ने “कार्य पद्धति” विषय पर संबोधित किया। इस सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक संगठन एक उद्देश्य के साथ आगे बढ़ता है और उसके सफल संचालन के लिए प्रभावी कार्य पद्धति आवश्यक होती है। भारतीय जनता पार्टी के विशाल संगठन का संचालन, कार्यकर्ताओं का विकास, समन्वय, आत्मीयता और पारिवारिक भावना के साथ कार्य करना ही पार्टी की कार्यशैली है।
“कार्य विस्तार सत्ता नहीं, राष्ट्र सेवा का माध्यम है” – अलकेश आर्य
ग्यारहवें सत्र में भाजपा जिला संगठन प्रभारी अलकेश आर्य ने “कार्य विस्तार” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। इस सत्र की अध्यक्षता रंजना मीना ने की।
उन्होंने कहा कि कार्य विस्तार का उद्देश्य सत्ता या पद प्राप्त करना नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा और सामाजिक परिवर्तन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य का विस्तार तभी सफल माना जाएगा जब उसका प्रभाव समाज के चरित्र और दिशा में सकारात्मक बदलाव लाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जिलेभर से आए कार्यकर्ताओं ने ट्रेन, बस और इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेकर ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का सकारात्मक संदेश दिया।
उन्होंने संगठन के विभिन्न मोर्चों—युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चा—को अपने-अपने वर्गों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही ज्योतिबा फुले, संत रविदास और अहिल्याबाई होलकर जैसे महापुरुषों की जयंती के माध्यम से सामाजिक समरसता बढ़ाने की बात कही।
“समाज के हर वर्ग को विकास से जोड़ना हमारा लक्ष्य” – जयपाल सिंह चावड़ा
समापन सत्र में किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने “प्रदेश सरकार की उपलब्धियां” विषय पर संबोधित किया। इस सत्र की अध्यक्षता नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने की।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं चलाना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास” के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के विजन को साकार किया जा रहा है।
ऑनलाइन परीक्षा और डिजिटल प्रमाण पत्र के साथ हुआ समापन
प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, विजयपाल सिंह, प्रेमशंकर वर्मा, ठाकुरदास नागवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष राधा पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, हरिशंकर जायसवाल, संतोष पारीख, सम्पत मूंदड़ा, ललिता पूर्विया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समापन सत्र के पश्चात सभी प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण आधारित ऑनलाइन परीक्षा दी और डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त किए। राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ।
व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अजय श्रीवास्तव, राजकुमार चौकसे, शुभम राठौर, हन्नू बंजारा, रितेश दुबे, जतिन बत्रा, अनिल बुंदेला, प्रशांत तिवारी, सत्येंद्र जायसवाल, राकेश मालवीय, मयूर मालवीय, विशाल दीवान, प्रतीक कोठारी, वंदना मेहतो, मोनिका चौकसे, रजनी यादव, सपना पवार, रोशनी वर्मा, विपिन मालवीय, रहमान खान, सागर संतोरे, मेजर डॉ. पंकजमणि पहाड़िया सहित अनेक कार्यकर्ताओं का स्वागत और सम्मान किया गया।
