नर्मदापुरम कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रकरण में फरार चल रहा आरोपी मंडीदीप से पकड़ा गया, मुखबिर सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को दबोचा
नर्मदापुरम। कोतवाली पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर एवं हत्या के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं एसडीओपी जितेंद्र पाठक के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को फरियादी सचिन कुमार सोनी निवासी मोरछली चौक नर्मदापुरम ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उसके घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल क्रमांक MP05/MX 0919 चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मंडीदीप से गिरफ्तार हुआ आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल का उपयोग मंडीदीप निवासी आरिफ शाह उर्फ गोल्डी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 14 और 15 मई की रात मंडीदीप की बिहारी कॉलोनी में दबिश देकर आरिफ शाह उर्फ गोल्डी पिता जलील शाह उम्र 24 वर्ष को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई।
हत्या के मामले में भी फरार था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से पिपरिया का निवासी है। उसके खिलाफ थाना स्टेशन रोड पिपरिया में छेड़छाड़ के मामले में स्थायी वारंट भी जारी है। इसके अलावा आरोपी थाना परासिया जिला छिंदवाड़ा में दर्ज हत्या के मामले में फरार चल रहा था। इस संबंध में परासिया पुलिस को सूचना भेज दी गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक विशाल नागवे, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, आरक्षक पंकेश एवं गजेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्यशैली और सतर्कता की सराहना की है।
