25 मई को सिवनी मालवा में आजाद समाज पार्टी का विशाल संभागीय सदस्यता सम्मेलन, हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा

25 मई को सिवनी मालवा में आजाद समाज पार्टी का विशाल संभागीय सदस्यता सम्मेलन, हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा

हरदा, बैतूल और नर्मदापुरम जिले के कार्यकर्ता लेंगे सदस्यता, गांव-गांव तक पार्टी के विचार पहुंचाने का लिया संकल्प

सिवनी मालवा। आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी द्वारा आगामी 25 मई को सिवनी मालवा में विशाल संभागीय सदस्यता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में नर्मदापुरम संभाग के हरदा, बैतूल एवं नर्मदापुरम जिले से हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने और आजाद समाज पार्टी तथा भीम आर्मी की सदस्यता ग्रहण करने का दावा किया गया है।

यह निर्णय शुक्रवार को शहर के रेस्ट हाउस में आयोजित आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं की बैठक में लिया गया। बैठक में आगामी सदस्यता सम्मेलन की तैयारियों और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कांशीराम और बाबा साहेब के विचार गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प

बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ माननीय कांशीराम साहब एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।

भीम आर्मी के संभाग अध्यक्ष महेंद्र काशिव और संभाग सचिव राम ओसले ने बताया कि आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद बहुजन समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठा रहे हैं। उनके कार्यों और कांशीराम के “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” के विचार से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव की उपस्थिति में नर्मदापुरम क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी की सदस्यता लेकर संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे।

वार्डों और गांवों में चलेगा जनसंपर्क अभियान

बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए गांव-गांव कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों के सभी वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को सम्मेलन की जानकारी दी जाएगी और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में आगामी चुनावी रणनीति के भी दिए संकेत

बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में महेंद्र काशिव मेहरा, राम ओसले और करण धनवारे ने सदस्यता सम्मेलन को लेकर विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने आगामी समय में पार्टी प्रत्याशी उतारने की रणनीति तैयार करने की बात भी कही।

बैठक में प्रद्युम्न बार्वे, राहुल चौहान, इरफान शाह, समीर खान, दुर्गेश पाटिल, साहिल शाह, शैलेंद्र हरियाले, अमन खान, जितेंद्र धनवारे, अजय बार्वे, मुस्तकीन शाह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!