दवाइयों की कमी, एक्स-रे फिल्म अभाव और डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाया, स्वास्थ्य मंत्री से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग
सिवनी मालवा। नगर कांग्रेस समिति सिवनी मालवा ने सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में व्याप्त कमियों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की भारी कमी बनी हुई है, जिसके चलते मरीजों को बाहर से महंगी दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
एक्स-रे जांच और डॉक्टरों की कमी से बढ़ी परेशानी
ज्ञापन के अनुसार अस्पताल में एक्स-रे फिल्म की कमी के कारण मरीजों की जांच समय पर नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही डॉक्टरों की कमी के चलते मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। खासकर दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को इलाज के लिए अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर कांग्रेस ने मांग की कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, एक्स-रे फिल्म की व्यवस्था शीघ्र कराई जाए तथा रिक्त डॉक्टर पदों पर तत्काल नियुक्ति की जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
रात में मेडिकल सुविधा की भी उठाई मांग
ज्ञापन में एक और महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि सिवनी मालवा नगरीय क्षेत्र में रात 10 बजे के बाद कोई मेडिकल स्टोर खुला नहीं रहता। ऐसी स्थिति में आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक दवाइयां नहीं मिल पातीं।
नगर कांग्रेस ने मांग की कि शहर में कम से कम एक मेडिकल स्टोर को रात्रिकालीन अनुमति दी जाए, जिससे रातभर दवाइयों की उपलब्धता बनी रहे और आपात स्थिति में मरीजों को राहत मिल सके।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर अध्यक्ष कांग्रेस स्वदेश शर्मा, युवक कांग्रेस नगर अध्यक्ष हैरीसन स्वामी, पार्षद दीपक दीक्षित, एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष पृथ्वीराज रघुवंशी, रत्नेश रघुवंशी, शेख साजिद, देवेंद्र रघुवंशी, नर्मदा गौर, प्रशांत गोस्वामी, रामबाबू बैरागी, परवेज खान, देवेंद्र यादव, फारूक, सावन यादव, अंकित मालवीय, सुमित नगर, ललित केवट, दीपक गोस्वामी, जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग
नगर कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री से मांग की है कि आमजनहित को ध्यान में रखते हुए अस्पताल की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराया जाए। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी बैठकों और कल्याण समिति की चर्चाओं में विपक्ष एवं पत्रकारों को शामिल करने की मांग भी रखी गई, ताकि समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
