थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान, सार्वजनिक स्थानों और मार्गों पर की गई सघन तलाशी
इटारसी। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इटारसी थाना पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध लोगों की जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेते हुए उनके पास मौजूद बैग एवं अन्य सामान की जांच की। इस दौरान चाकू सहित अन्य अवैध वस्तुओं की विशेष रूप से जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर
थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
आमजन में सुरक्षा का बढ़ा भरोसा
पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। स्थानीय लोगों ने थाना पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चेकिंग अभियान चलने से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहेगी।
