सिवनी मालवा में बुजुर्ग के घर डकैती का खुलासा, आदतन बदमाश समेत दो गिरफ्तार, तीसरा फरार

बुजुर्ग के घर में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने की थी मारपीट, नकदी और जेवरात लूटकर हुए थे फरार

सिवनी मालवा।  कुछ दिन पहले हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में इस्तेमाल किया गया चाकू, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। मामले के खुलासे के बाद पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।

बुजुर्ग के घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 मई 2026 को फरियादी रामभरोस जाट उम्र 60 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 07 शिवपुर रोड, सिवनी मालवा ने थाना सिवनी मालवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 मई 2026 की रात लगभग 9:30 बजे तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश अचानक उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट की तथा धारदार हथियार से डराकर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश घर में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद सहित सोने, चांदी और बेंटीक्स के आभूषण लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सिवनी मालवा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 312/26 धारा 331(6), 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सिवनी मालवा निरीक्षक सुधाकर बारस्कर ने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन एवं एसडीओपी श्री महेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों पर संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही आशीष कटारे पिता गोवर्धन कटारे और अनिल बाथव उर्फ लुक्खा पिता राजेश बाथव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों से नकदी, जेवरात और चाकू बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, करीब 7 हजार रुपये नकद, चांदी एवं बेंटीक्स के जेवर तथा सोने की अंगूठी बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने तीसरे साथी अनिल बाथव पिता राम बाथव का नाम भी बताया, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।

आदतन अपराधी निकला आरोपी आशीष कटारे

जांच में सामने आया कि आरोपी आशीष कटारे थाना सिवनी मालवा का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना सिवनी मालवा में पूर्व से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। वहीं आरोपी अनिल बाथव उर्फ लुक्खा के खिलाफ भी चोरी का एक मामला दर्ज होना बताया गया है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

लूटकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री साई कृष्णा ने पूरी टीम को 5 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधाकर बारस्कर, उपनिरीक्षक नागेश वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक बलराम सिरसाम, प्रधान आरक्षक प्रीतम बाबरिया, प्रधान आरक्षक अशोक चौहान, आरक्षक कपिल जाट, आरक्षक केतन, आरक्षक गौरीशंकर, आरक्षक अर्जुन, महिला आरक्षक आरती तथा साइबर सेल से आरक्षक संदीप यादववंशी और आरक्षक दीपेश सोलंकी की सक्रिय भूमिका रही।

error: Content is protected !!