प्रत्यूष यादव बने स्टेट चैंपियन, 8 मिनट से कम समय में हल किए 200 गणित के सवाल

यूसीमास की 21वीं स्टेट लेवल प्रतियोगिता में सिवनी मालवा के छात्रों ने लहराया परचम

सिवनी मालवा। शहर के होनहार छात्र प्रत्यूष यादव ने अपनी असाधारण गणितीय क्षमता का प्रदर्शन करते हुए यूसीमास की 21वीं स्टेट लेवल प्रतियोगिता में स्टेट चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने महज 8 मिनट से भी कम समय में 200 गणित के सवाल हल कर यह उपलब्धि हासिल की, जिससे उपस्थित सभी लोग आश्चर्यचकित रह गए।

इंदौर में हुआ भव्य आयोजन

यह प्रतियोगिता 1 और 2 मई को इंदौर में आयोजित की गई, जिसमें पूरे प्रदेश से 6000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं 20,000 से अधिक पालक, शिक्षक और गणमान्य लोग इस आयोजन के साक्षी बने।

अन्य छात्रों ने भी किया शानदार प्रदर्शन

प्रत्यूष यादव (पुत्र दीपेश यादव) की इस उपलब्धि के साथ ही कृतिका गुप्ता (पुत्री संतोष गुप्ता) ने तीसरा स्थान एवं अधीश गौर (पुत्र स्व. आशीष गौर) ने छठवां स्थान प्राप्त कर शहर का मान बढ़ाया।

इसके अलावा अथर्व सोनी, पीहू निखर, गर्वित पांड्या, लक्ष्य नागेश्वर, ऋषभ नागेश्वर, शताक्षी गौर, अथर्व रघुवंशी, आरोही गौर, आराध्य गौर, आरव मंडलोई, लकी लोवंशी, खुशी कलवानी, तनिष्क रावत एवं अभिनव महंत ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट पोजिशन हासिल की।

संस्थान और पालकों ने दी बधाई

इस अवसर पर यूसीमास सिवनी-बानापुरा के संचालक जितेंद्र तिवारी सहित सभी पालकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि सिवनी मालवा शहर के लिए भी गर्व का विषय बन गई है।

error: Content is protected !!