महिला एवं बाल विकास विभाग की तत्परता से रुका बाल विवाह, टीम ने मौके पर पहुंचकर कराई कार्रवाई

सिवनी मालवा। महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना सिवनी मालवा की त्वरित कार्रवाई से एक बाल विवाह रुकवाया गया। विभाग को व्हाट्सएप पर प्राप्त शादी के कार्ड के माध्यम से सूचना मिली थी, जिसके बाद प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती सुचित्रा राजावत के निर्देशन में टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की और नियमानुसार कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ग्राम बुंदारा कला निवासी सुदन पिता कमल यदुवंशी के निवास पर पहुंची। वहां विवाह संबंधी दस्तावेजों एवं आयु प्रमाण पत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान अंकसूची के आधार पर सुदन यदुवंशी की आयु 28 वर्ष प्रमाणित हुई। इसके बाद बालिका से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।

टीम ने सिवनी मालवा वार्ड क्रमांक 7 भीलपुरा निवासी राम सिंह यदुवंशी की पुत्री (परिवर्तित नाम) जानकी के आधार कार्ड का परीक्षण किया, जिसमें बालिका की आयु 17 वर्ष 10 माह 20 दिन पाई गई, जो वैधानिक विवाह आयु से कम है।

स्थिति स्पष्ट होने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने बालिका, उसके माता-पिता एवं परिजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए समझाइश दी। मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

समझाइश के बाद परिजनों ने आश्वासन दिया कि बालिका के 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद ही विवाह किया जाएगा। विभाग की इस तत्परता और सजगता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

error: Content is protected !!