इटारसी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

इटारसी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

41 महिलाओं-बालिकाओं ने लिया आत्मरक्षा प्रशिक्षण, 162 हितग्राहियों की हुई निशुल्क स्वास्थ्य जांच

नर्मदापुरम। कलेक्टर सोनिया मीना के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 6 से 10 मार्च 2026 तक “नारी हर क्षेत्र में अग्रणी – #SheLeadsBharat” थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को इटारसी परियोजना क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

आत्मरक्षा प्रशिक्षण से महिलाओं को किया सशक्त

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। जीवोदय संस्था इटारसी में आयोजित आत्मरक्षा प्रशिक्षण में स्पोर्ट्स कौशल विकास नर्मदापुरम की आरती शर्मा के सहयोग से सेल्फ डिफेंस की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के तरीके बताए गए और मार्शल आर्ट का प्रदर्शन भी किया गया।

इस प्रशिक्षण में जीवोदय बालिका गृह की बालिकाओं तथा आंगनवाड़ी क्षेत्र की बाल सुरक्षा समिति की बालिकाओं सहित कुल 41 महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें बताया गया कि सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण आधार है और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ सही कदम उठाना चाहिए।

महिलाओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरानी इटारसी में महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय के अधीक्षक आर.के. चौधरी के सहयोग से आयोजित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम में मेडिकल ऑफिसर शंभवी पालीवाल, आयुष चिकित्सा अधिकारी शिल्पा साहू, एएनएम महिमा लाल सिंह, लक्ष्मी सोनी, श्रुति विक्टर, सुलेखा, ऑपरेटर मंजुला, रचना, मालती, बबीता, रितु पटेल और आशा कार्यकर्ता नीलमणि चौधरी शामिल रहीं। शिविर के दौरान कुल 162 हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाइयों का निशुल्क वितरण किया गया।

फिट इंडिया से जोड़कर किया जागरूक

कार्यक्रम में प्रभारी परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। महिलाओं और बालिकाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाकर समाज में उनकी सुरक्षा और आत्मविश्वास को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर पर्यवेक्षक अर्चना बस्तावर, रेखा चौरे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, स्थानीय नागरिक, छात्राएं तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जीवोदय संस्था की ओर से सिस्टर क्लारा, पीटर लासदो, सिस्टर प्रमिला, सिस्टर ज्योति, मोनिका गोस्वामी और भूरेलाल धुर्वे सहित अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

error: Content is protected !!