शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच और ट्रस्टियों को हटाकर प्रशासक नियुक्त करने की मांग की, ट्रस्ट पदाधिकारी ने आरोपों को निराधार बताया
सिवनी मालवा/नर्मदापुरम। तहसील सिवनी मालवा के ग्राम बराखड़ कला स्थित राम जानकी व राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट तथा महावीर जी मंदिर दूधियावड़ ट्रस्ट में कथित भ्रष्टाचार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम बराखड़ निवासी नीरज तिवारी ने आरोप लगाया है कि दोनों ट्रस्टों में वर्षों से वित्तीय अनियमितताएं हो रही हैं और उनकी जांच को ट्रस्टियों द्वारा प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
चार माह से शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने कमिश्नर, कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी सिवनी मालवा को पिछले चार माह से लिखित और मौखिक रूप से शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि ट्रस्टों से सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
भूमि, दुकान और प्लॉट में अनियमितता के आरोप
नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि दोनों ट्रस्टों के पास लगभग 100 एकड़ कृषि भूमि, मुख्य मार्ग पर 40 से 45 दुकानें तथा करीब 2.50 एकड़ आवासीय प्लॉट की भूमि है। उनका कहना है कि कृषि भूमि कम दरों पर दर्शाकर आपसी लाभ के लिए उपयोग की जा रही है, जबकि दुकानों और प्लॉटों से करोड़ों रुपये की आय अर्जित की गई है।
निष्पक्ष जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने दोनों ट्रस्टों के वित्तीय लेनदेन, पुराने रिकॉर्ड, दुकानों की नीलामी प्रक्रिया, प्लॉट बिक्री, कृषि भूमि पट्टों तथा किराया आय की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। साथ ही आशंका जताई है कि रिकॉर्ड में हेरफेर किया जा सकता है, इसलिए वर्तमान ट्रस्टियों को हटाकर प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त किया जाए।
ट्रस्ट पदाधिकारी ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं ट्रस्ट से जुड़े यज्ञेश तिवारी ने आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यों से परे बताया है। उनका कहना है कि ट्रस्ट की सभी संपत्तियों और आय-व्यय का संचालन नियमों के तहत किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई जांच होती है तो ट्रस्ट उसका स्वागत करेगा और सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर
मामले में अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है। यदि जांच होती है तो मंदिर ट्रस्टों की संपत्तियों और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई तथ्य सामने आ सकते हैं।
