सिवनी मालवा। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार जिले में हुई अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का सर्वे कार्य सतत रूप से जारी है। इसी क्रम में अनुविभाग सिवनी मालवा के विभिन्न ग्रामों में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी वर्षा के चलते सोयाबीन फसल को हुए नुकसान का जायजा लेने हेतु संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा श्रीमती सरोज परिहार, एसडीओ कृषि विभाग, तहसीलदार सिवनी मालवा, हल्का पटवारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रभावित क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान खेतों में पहुंचकर फसलों की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया गया।
राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम ने खेतों में खड़ी एवं गिरी हुई फसल का बारीकी से परीक्षण कर गिरदावरी अभिलेख के अनुसार सत्यापन कार्य किया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर फसल क्षति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दस्तावेजों का संकलन किया।
एसडीएम श्रीमती सरोज परिहार ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर कार्यालय को प्रेषित की जाएगी, ताकि पात्र किसानों को शासन की राहत नीति के तहत मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में पारदर्शिता रखी जाए और प्रत्येक प्रभावित किसान का विवरण सही रूप से दर्ज किया जाए।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष लगातार वर्षा एवं जलभराव के कारण कई क्षेत्रों में सोयाबीन की फसलें 70 से 100 प्रतिशत तक प्रभावित हुई हैं। प्रशासन द्वारा शीघ्र ही सर्वे रिपोर्ट के आधार पर राहत प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।