एसडीएम विजय राय के मार्गदर्शन में बी.एल.ओ. घर-घर जाकर कर रहे हैं मतदाताओं का सत्यापन
सिवनी मालवा। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 136 सिवनी मालवा में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्य को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं एसडीएम श्री विजय राय के मार्गदर्शन तथा पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है।
एसडीएम श्री विजय राय के नेतृत्व में क्षेत्र के सभी 318 बी.एल.ओ. (बूथ लेवल ऑफिसर) सक्रिय रूप से घर-घर जाकर मतदाताओं से जानकारी एकत्रित कर रहे हैं और मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं।
पुनरीक्षण प्रक्रिया के अंतर्गत वर्ष 2003 की मतदाता सूची का मिलान 2025 की अद्यतन सूची से किया जा रहा है। वर्ष 2003 में सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र में 1,47,943 मतदाता पंजीकृत थे, जबकि वर्ष 2025 की प्रारंभिक सूची में यह संख्या बढ़कर 2,48,509 मतदाताओं तक पहुंच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण का कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इस प्रक्रिया में मतदाताओं का पता, पारिवारिक वंश संबंध और व्यक्तिगत विवरण का सत्यापन किया जा रहा है। विवाहित व्यक्तियों से यह जानकारी ली जा रही है कि उनके माता-पिता किस पोलिंग बूथ पर मतदान करते हैं, जिससे सही मतदान केंद्र का निर्धारण और वंश सूची का अद्यतन किया जा सके।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री विजय अनु द्वारा भी मतदान केंद्रों का भ्रमण किया जा रहा है। वे मतदाताओं से सीधे संवाद कर बी.एल.ओ. की समस्याओं का स्थल पर ही (On the Spot) समाधान कर रहे हैं।
एसडीएम श्री विजय राय स्वयं भी पुनरीक्षण कार्य की प्रगति पर सतत निगरानी रख रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और बी.एल.ओ. को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल किया जाए तथा किसी भी त्रुटि या दोहराव को तुरंत सुधार किया जाए।
वहीं निर्वाचन सुपरवाइजर अपने-अपने सेक्टरों का भ्रमण कर बी.एल.ओ. से जानकारी एवं प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर रहे हैं।
प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी चुनावों से पूर्व मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन रूप में तैयार किया जा सके।
