देव दीपावली पर नर्मदापुरम में जगमगाएंगे 51 हजार दीप, भगवान श्रीरामचंद्र की भव्य रंगोली, भजन संध्या और आरती से गूंजेगा पूरा नगर

देव दीपावली पर नर्मदापुरम में जगमगाएंगे 51 हजार दीप, भगवान श्रीरामचंद्र की भव्य रंगोली, भजन संध्या और आरती से गूंजेगा पूरा नगर

देव दीपावली पर नर्मदापुरम में जगमगाएंगे 51 हजार दीप
भगवान श्रीरामचंद्र की भव्य रंगोली, भजन संध्या और आरती से गूंजेगा पूरा नगर — प्रशासन ने तैयारियां की पूरी, अधिकारियों को सौंपे दायित्व

नर्मदापुरम। देव दीपावली के पावन अवसर पर नर्मदा तट समेत जिले के पवित्र नदियों और सरोवरों के घाटों पर इस वर्ष भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास भोपाल के निर्देशानुसार यह आयोजन जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में दीपदान, रंगोली निर्माण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार भगवान श्रीरामचंद्र जी के जीवन पर आधारित भजन प्रस्तुत करेंगे। इस आयोजन की निगरानी एवं समन्वय के लिए कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नर्मदापुरम श्री हिमांशु जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

कार्यक्रम के अंतर्गत घाटों पर 51,000 दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे तथा भगवान श्रीरामचंद्र जी की 50 फीट लंबी भव्य रंगोली तैयार की जाएगी। साथ ही 3 से 10 बटुकों द्वारा नदियों और सरोवरों के घाटों पर मंत्रोच्चार के साथ आरती की जाएगी, जिससे पूरा नगर धार्मिक आलोक से जगमगा उठेगा।

आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं एवं अन्य गतिविधियों के निरीक्षण के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री जैन ने घाट पर विभिन्न स्थानों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्था की रुपरेखा बनाई और संबंधित अधिकारियों को कार्य सौंपे।
सीईओ श्री जैन ने निर्देश दिए की आयोजन के दौरान घाट पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। साथ ही उन्होंने आकर्षक रंगोली बनाने और दीपों को व्यवस्थित जलाने के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सीईओ श्री जैन ने संबंधित विभागों के उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन से करें।
व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सीईओ श्री हिमांशु जैन ने सभी संबंधित विभागों को व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान उचित बैठक व्यवस्था की जाए। निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास, एन आर एल एम, नगरपालिका, तहसीलदार, सीईओ जनपद नर्मदापुरम, यातायात विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक दायित्व इस प्रकार सौंपे गए हैं —

  • पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम को कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यक पुलिस बल की तैनाती का दायित्व दिया गया है।
  • अनुविभागीय दंडाधिकारी तथा तहसीलदार नगर नर्मदापुरम को कानून व्यवस्था बनाये रखने और कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
  • प्राचार्य अग्रणी शासकीय विज्ञान महाविद्यालय नर्मदापुरम को घाटों पर 7 बटुकों द्वारा आरती एवं मंत्रोच्चार की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है।
  • जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को दीप प्रज्जवलन, दीपदान और भगवान श्रीरामचंद्र जी की रंगोली निर्माण की व्यवस्था देखनी होगी।
  • परियोजना अधिकारी, मनरेगा नर्मदापुरम को प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के आमंत्रण पत्र वितरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है।
  • मुख्य नगर पालिका अधिकारी नर्मदापुरम को घाटों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, दीपोत्सव कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार हेतु लाउडस्पीकर, होर्डिंग और फ्लेक्स बैनर लगाने का दायित्व सौंपा गया है।
  • थाना प्रभारी यातायात नर्मदापुरम को पार्किंग और वाहनों के प्रवेश-नियंत्रण की जिम्मेदारी दी गई है।
  • जिला समन्वयक आजीविका मिशन को महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से दीप प्रज्जवलन में सहयोग करने का दायित्व सौंपा गया है।

कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने कहा कि  “देव दीपावली केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह नर्मदा संस्कृति और भारतीय अध्यात्म की ज्योति का उत्सव है। सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें ताकि यह आयोजन नर्मदापुरम जिले की पहचान बने।” इस अवसर पर समूचे नर्मदापुरम में दीपों की लौ के साथ श्रद्धा, संस्कृति और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

error: Content is protected !!