इटारसी पुलिस की सतर्कता से 8 दिन से लापता बालिका सुरक्षित बरामद, परिजनों को सौंपी

इटारसी पुलिस की सतर्कता से 8 दिन से लापता बालिका सुरक्षित बरामद, परिजनों को सौंपी

इटारसी। स्थानीय पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते 8 दिन से लापता बालिका को गुड़गांव (दिल्ली-एनसीआर) से सकुशल बरामद कर आज उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई ने इटारसी पुलिस की दक्षता, मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को फिर एक बार प्रमाणित किया है।

थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई शिवनाथ यादव और महेंद्र गुर्जर शामिल थे। टीम ने तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से यह पता लगाया कि बालिका गुड़गांव क्षेत्र में है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने तुरंत गुड़गांव पहुँचकर बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।

इसके बाद एएसआई श्रद्धा राजपूत द्वारा बालिका की काउंसलिंग की गई, जिसमें यह सामने आया कि ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से हुई मित्रता के बहकावे में वह बिना सोचे-समझे घर से निकल गई थी।

यह सफलता मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ‘मुस्कान अभियान’ के अंतर्गत लापता बच्चों की खोज में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

मुस्कान संस्था के संचालक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने इटारसी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया मित्रता के कारण कई बच्चियां गलत कदम उठा रही हैं। अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए और उनके साथ समय-समय पर संवाद कर जागरूकता बढ़ानी चाहिए।”

उन्होंने पुलिस टीम की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी।

error: Content is protected !!