सिवनी मालवा। नगर पालिका परिषद वार्ड क्रमांक 08 की कांग्रेस पार्षद श्रीमती अनुराधा दीपक दीक्षित ने सिवनी मालवा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नर्मदापुरम जिले के पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा एस. थोटा को आवेदन सौंपा।
आवेदन में बताया गया कि सिवनी मालवा का क्षेत्र विस्तृत है, जबकि पुलिस बल और संसाधन सीमित हैं। बनापुरा रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थानों पर पुलिस चौकी बंद होने तथा 112 वाहन एवं स्टाफ की कमी के कारण कई बार घटनाओं के समय तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिल पाती, जिससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है।
कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि श्री दीपक दीक्षित ने मांग की कि क्षेत्र में अतिरिक्त 112 वाहन तैनात किए जाएं, बनापुरा पुलिस चौकी को पुनः प्रारंभ किया जाए, तथा मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं ताकि अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सके और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
एसपी श्री साई कृष्णा एस. थोटा ने पार्षद की मांगों पर सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
