सिवनी मालवा। ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ के अंतर्गत माननीय सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी के मार्गदर्शन में खेल महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक जनपद पंचायत सिवनी मालवा के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री रितेश जैन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रेणुका मृगेन्द्र सिंह मंडलोई, सांसद प्रतिनिधि श्री योगेन्द्र राजपूत, प्रभारी बी.ओ. श्री श्याम सिंह रघुवंशी, खेल समन्वयक श्री नारायण बाबरिया, केसला क्षेत्र की खेल अधिकारी मैडम, तहसील के सभी प्राचार्य एवं खेल शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ सिवनी मालवा ब्लॉक स्तर पर 27 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में 27 अक्टूबर को शासकीय कुसुम महाविद्यालय में बेडमिंटन तथा राम मंदिर बराखड़ रोड पर रस्साकस्सी प्रतियोगिता होगी। वहीं 28 अक्टूबर को राम मंदिर बराखड़ रोड पर खो-खो, शासकीय कुसुम महाविद्यालय में वॉलीबॉल तथा आईटीआई खेल मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही 29 अक्टूबर को शासकीय कुसुम महाविद्यालय परिसर में एथलेटिक्स स्पर्धा संपन्न होगी।
खेल महोत्सव के दौरान पूर्व पंजीकृत खिलाड़ियों एवं टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ब्लॉक, जिला, संसदीय क्षेत्र, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर प्रदान किया जाएगा। जिन खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन ऑनलाइन कराया है, उन्हें निर्धारित तिथि एवं स्थान पर समय से उपस्थित होकर भाग लेने का आग्रह किया गया है। साथ ही जो खिलाड़ी अब तक पंजीकृत नहीं हो पाए हैं, वे प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पूर्व प्रातः 11 बजे तक वहीं पर पंजीयन कराकर प्रतियोगिता में सम्मिलित हो सकेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री रितेश जैन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रेणुका मृगेन्द्र सिंह मंडलोई एवं सांसद प्रतिनिधि श्री योगेन्द्र राजपूत ने समस्त खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ को सफल बनाएं और सिवनी मालवा की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दें।
