बानापुरा मंडी में उमड़ी किसानों की भीड़: यूरिया खाद टोकन वितरण में 2800 किसानों को मिला लाभ, एसडीएम बोले : व्यवस्था होगी और सुचारू

बानापुरा मंडी में उमड़ी किसानों की भीड़: यूरिया खाद टोकन वितरण में 2800 किसानों को मिला लाभ, एसडीएम बोले : व्यवस्था होगी और सुचारू

सिवनी मालवा।  रबी सीजन की तैयारी के बीच सिवनी मालवा के बानापुरा कृषि उपज मंडी परिसर में शुक्रवार को यूरिया खाद के टोकन वितरण के दौरान किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंडी में किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे पूरे परिसर में चहल-पहल का माहौल रहा।

जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) कार्यालय के निर्देशन में शुक्रवार को लगभग 2800 किसानों को यूरिया खाद के टोकन वितरित किए गए। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीमों को मौके पर तैनात किया गया।

किसान जितेंद्र राठौर ने बताया कि “रबी फसल की तैयारी के लिए खाद की मांग बढ़ गई है। यदि टोकन वितरण ग्रामवार सोसाइटी के माध्यम से किया जाए, तो व्यवस्था और अधिक सहज एवं व्यवस्थित हो सकती है।”

गोदाम प्रभारी संजीत वर्मन ने जानकारी दी कि एसडीएम के निर्देशानुसार 2800 टोकन का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि “किसानों की संख्या उम्मीद से अधिक रही, जिसके कारण सुबह से ही भीड़ रही। जिन किसानों को आज टोकन दिए गए हैं, उन्हें सोमवार से यूरिया खाद वितरण शुरू किया जाएगा।” साथ ही उन्होंने बताया कि डीएपी खाद का वितरण भी मंडी में जारी है, जिससे किसानों को रबी सीजन की तैयारी में कोई परेशानी न हो।

वर्मन ने यह भी कहा कि यूरिया और डीएपी दोनों खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, और किसानों को सलाह दी कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद प्राप्त करें।

एसडीएम विजय राय ने बताया कि “अब तक 2800 टोकन का वितरण किया जा चुका है, और खाद की कोई कमी नहीं है। प्रशासन का प्रयास है कि वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सहज बनाया जाए।” उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और किसान संगठनों से चर्चा कर टोकन वितरण प्रणाली में सुधार किए जाएंगे, ताकि भीड़ और असुविधा से बचा जा सके।

उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगली बार वितरण प्रक्रिया को ग्रामवार और सोसाइटी स्तर पर संचालित करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया कि खाद की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी और किसी को भी कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मंडी प्रबंधन, विपणन विभाग और पुलिस प्रशासन पूरे दिन कृषक सुविधा एवं व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रहा।

error: Content is protected !!