बेटी ने रचा इतिहास : अर्पिता महंत का वर्ल्ड रिकॉर्ड, नर्मदापुरम् सहित पूरे भारत का नाम किया रोशन

बेटी ने रचा इतिहास : अर्पिता महंत का वर्ल्ड रिकॉर्ड, नर्मदापुरम् सहित पूरे भारत का नाम किया रोशन

तेज कुमार गौर ने दी जानकारी, परिवार और गुरुजनों का मिला आशीर्वाद

नर्मदापुरम् । नर्मदापुरम् की प्रतिभाशाली बेटी कुमारी अर्पिता महंत ने अपनी कला और साधना से इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कर इतिहास रच दिया है। अर्पिता ने विभिन्न देशों – भारत, अमेरिका, फ्रांस, रूस, जर्मनी आदि – के राष्ट्रपतियों के चित्रों को बेहतरीन रेखांकन के साथ प्रस्तुत कर यह असाधारण उपलब्धि हासिल की है। यह कार्य तकनीकी रूप से अत्यंत जटिल और एकाग्रता की पराकाष्ठा को दर्शाने वाला था।

पूर्व पार्षद श्री तेज कुमार गौर ने जानकारी दी कि अर्पिता एक कुशल चित्रकार ही नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक प्रवक्ता भी हैं। वे चारों वेदों का अध्ययन कर चुकी हैं और मंचों पर मधुर वाणी में ‘नानी बाई का मायरा’ जैसी कथाओं की भावपूर्ण व्याख्या करती हैं। उनकी आध्यात्मिक यात्रा में उन्हें गुरु श्री गोविंदराम जी शास्त्री का आशीर्वाद प्राप्त है।

इस उपलब्धि के पीछे उनके पिता श्री एम. डी. महंत (उपाध्याय), माता श्रीमती ज्योति महंत और भाई-बहनों – अक्षिता एवं देवाराम जी – का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा।

अर्पिता महंत ने कहा,

वर्ल्ड रिकॉर्ड सिर्फ एक उपलब्धि नहीं है, यह मेरे लिए विश्वभर के देशों के बीच प्रेम, सम्मान और सामंजस्य का प्रतीक है। कला की कोई सीमा नहीं होती — यह दिलों को जोड़ने का माध्यम है। मेरा सपना है कि भारत हर क्षेत्र में अग्रणी बने और विश्व मंच पर चमके।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल नर्मदापुरम् बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और भारत को गर्व हुआ है। समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयाँ दी हैं।

 

error: Content is protected !!