सिवनी मालवा। नगर के युवा योग प्रतिभागी अभिमन्यु यादव ने हाल ही में आयोजित होशंगाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता हासिल की है।
प्रतियोगिता में 14 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के प्रतिभागियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में अभिमन्यु यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सिवनी मालवा का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता वर्ष 2025 में आयोजित की गई थी, जिसमें अभिमन्यु ने भाग लेकर अपने योग कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। अभिमन्यु, अधिवक्ता रामकिशोर यादव और बीआरसीसी श्रीमति संगीता यादव के पुत्र हैं और सिवनी मालवा के निवासी हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया था, जो योगासन भारत से सम्बद्ध है और भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था है।
प्रतियोगिता में अभिमन्यु को यह प्रमाण पत्र होशंगाबाद योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगाचार्य श्री खुशवीर सिंह राजपूत एवं सचिव आचार्य ध्रुवेश शर्मा द्वारा प्रदान किया गया।
एसोसिएशन ने अभिमन्यु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दी हैं।