हैदराबाद में हुनर दिखाएंगे सिवनी बनापुरा के नन्हें गणितज्ञ,16 अगस्त को यूसीमास राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मचाएंगे धमाल

हैदराबाद में हुनर दिखाएंगे सिवनी बनापुरा के नन्हें गणितज्ञ,16 अगस्त को यूसीमास राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मचाएंगे धमाल

सिवनी मालवा (नर्मदापुरम)। छोटे शहर से निकले बड़े सपने अब राष्ट्रीय स्तर पर उड़ान भरने जा रहे हैं। सिवनी बनापुरा के चार नन्हें गणितज्ञ – पीहू निखर, अक्षतम मालवीय, जीवेश मंडलोई और विशिष्ट मंडलोई – आगामी 16 अगस्त को हैदराबाद में आयोजित होने वाली यूसीमास की 24वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे हैं। यह प्रतियोगिता न केवल उनकी प्रतिभा की परीक्षा होगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय भी बनेगी।

इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें प्रतिभागियों को सिर्फ 8 मिनट में 200 गणितीय प्रश्नों को हल करना होता है। सवाल जोड़, घटाव, गुणा, भाग जैसे जटिल गणितीय अभ्यासों से संबंधित होते हैं, जिन्हें अबेकस और मानसिक गणना (मेंटल मैथ्स) की तकनीकों से हल किया जाता है। यह प्रतियोगिता बच्चों की गति, एकाग्रता, स्मरण शक्ति और गणनात्मक कौशल का जीवंत उदाहरण होती है।

स्टेट लेवल पर साबित किया था जलवा

बता दें कि अप्रैल 2025 में आयोजित यूसीमास स्टेट लेवल प्रतियोगिता में इन चारों बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर न केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल की थी, बल्कि सिवनी बनापुरा का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया था। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला है।

 

तैयारी में जुटे हैं शिक्षक और पालक

प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर यूसीमास सिवनी बनापुरा के संचालक श्री जितेंद्र तिवारी विशेष रूप से इन बच्चों के मार्गदर्शन में लगे हैं। वे बच्चों की अभ्यास दिनचर्या, मानसिक गणना की तकनीक, टाइम मैनेजमेंट और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही चारों प्रतिभागियों के माता-पिता भी बच्चों की पढ़ाई और मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

 

श्री तिवारी ने बताया कि  “इन बच्चों में असाधारण प्रतिभा है। वे केवल संख्या नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास से अपने अंदर एक मजबूत मानसिक क्षमता का निर्माण कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करेंगे।”

 

मेहनत और लगन से गढ़ रहे सफलता की कहानी

बच्चे भी इस सुनहरे अवसर के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ वे अबेकस अभ्यास, फ्लैश कार्ड्स और मॉक टेस्ट जैसी गतिविधियों में नियमित भाग ले रहे हैं। इन चारों प्रतिभागियों का लक्ष्य सिर्फ प्रतियोगिता में भाग लेना नहीं, बल्कि विजेता बनकर लौटना है।

 

पूरे शहर से मिल रही शुभकामनाएं

इन नन्हें गणितज्ञों की सफलता की कामना करते हुए सिवनी बनापुरा के नागरिक, जनप्रतिनिधि, शिक्षक वर्ग एवं छात्र संगठनों ने शुभकामनाएँ दी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि ये बच्चे सिवनी बनापुरा ही नहीं, पूरे मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

 

नन्हें कदम, बड़े सपने – सिवनी बनापुरा के ये होनहार गणितज्ञ दिखा रहे हैं कि मेहनत, मार्गदर्शन और आत्मविश्वास से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

error: Content is protected !!