रीवा को मिली 5-स्टार स्वच्छता रेटिंग, देश में पाँचवाँ स्थान: सफाई मित्रों ने मनाया जश्न

रीवा को मिली 5-स्टार स्वच्छता रेटिंग, देश में पाँचवाँ स्थान: सफाई मित्रों ने मनाया जश्न

रीवा। रीवा ने इस वर्ष के स्वच्छता सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-स्टार रेटिंग हासिल की है। यह उपलब्धि रीवा के लिए एक बड़े गौरव का विषय है, क्योंकि इसने देशभर में 50,000 से 3 लाख की आबादी वाले स्वच्छ शहरों की श्रेणी में पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया है। इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया, जहाँ सफाई मित्रों ने ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी खुशी व्यक्त की।

 

निगम आयुक्त और सफाई मित्रों ने साझा की खुशी

कार्यालय परिसर में निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे और सभी सफाई मित्रों ने एक-दूसरे का फूल-मालाओं से स्वागत किया। सभी ने मिलकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और इस शानदार सफलता की खुशी साझा की। इस अवसर पर सफाई मित्रों ने निगम आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “यह मुकाम हमने आपके कुशल नेतृत्व में ही हासिल किया है। यह हमारे शहर के लिए गर्व का क्षण है। हम आगे भी आपके मार्गदर्शन में रीवा को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में नंबर 1 बनाने का पूरा प्रयास करेंगे।

 

निगम आयुक्त ने सराहा सफाई मित्रों का परिश्रम

निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी तरह से सफाई मित्रों को देते हुए कहा, “यह उपलब्धि आप सभी के अथक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। इसके असली हकदार आप सभी सफाई मित्र ही हैं। हमें आगे भी इसी तरह लगन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए यह संकल्प लेना होगा कि रीवा को स्वच्छता में देश में नंबर 1 बनाएंगे।

उन्होंने रीवा के हर नागरिक को इस उपलब्धि पर गर्व करने का आह्वान किया। डॉ. सोनवणे ने यह भी जोर दिया कि, “स्वच्छता एक दिन का काम नहीं बल्कि रोज की आदत है। हमें मिलकर इसे बनाए रखना है और इसमें निरंतर सुधार करते रहना है। निगम की टीम और रीवावासियों के सामूहिक प्रयास से ही यह संभव हुआ है, आप सभी इसके लिए धन्यवाद के असली पात्र हैं।

 

जश्न में शामिल रहे कई गणमान्य व्यक्ति

इस गौरवपूर्ण अवसर पर संघ के अध्यक्ष श्री सीताराम चमकेल, संघ संरक्षक श्री साधूराम, कोषाध्यक्ष श्री प्रकाश सिगोते, वार्ड दरोगा श्री सुरेन्द्र समुन्द्रे, श्री विनोद सिगोते, श्री हरिशंकर, श्री विनोद बैरिया, श्री अंकित समुन्द्रे, श्री राजकुमार प्रकाश सहित समस्त सफाई मित्र और निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस ऐतिहासिक क्षण का आनंद लिया और रीवा को और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

error: Content is protected !!